भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग, प्रदेश भाजपा ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान दुर्ग और भिलाई जिलों के संगठनात्मक परिसीमन को अंतिम रूप दिया। इस बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय और परिसीमन समिति के सदस्य भरत वर्मा, पूर्व विधायक रजनीश सिंह, रामजी भारती और दीपक म्हस्के शामिल हुए।
बैठक में दुर्ग और भिलाई के जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों के साथ चर्चा कर नए परिसीमन पर सहमति बनाई गई। इस निर्णय के अनुसार, दुर्ग शहर विधानसभा में अब चार की जगह पांच मंडल होंगे, जबकि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में पहले के तीन मंडलों—उतई, अंजोरा और रिसाली—के साथ अब अंडा-निकुम और मरोदा-पुरैना नाम के दो नए मंडल जोड़े गए हैं।
रिसाली नगर निगम और कुम्हारी का समावेश
परिसीमन के तहत सबसे बड़ा बदलाव यह है कि रिसाली नगर निगम, जो अब तक भिलाई जिला संगठन के अंतर्गत था, अब दुर्ग जिला संगठन में शामिल होगा। इसी तरह, कुम्हारी नगर पालिका को भी भिलाई से हटाकर दुर्ग संगठन में जोड़ा गया है।
पाटन विधानसभा में भी बदलाव
पाटन विधानसभा क्षेत्र में पहले चार मंडल थे—उत्तर पाटन, दक्षिण पाटन, मध्य पाटन और कुम्हारी। अब परिसीमन के बाद यहां पांच मंडल होंगे। इन मंडलों में अमलेश्वर, पाटन, दरबारमोखली, जामगांव आर, और कुम्हारी शामिल किए गए हैं।
अहिवारा और जेवरा का स्थानांतरण
दुर्ग जिला संगठन के तहत आने वाले अहिवारा और जेवरा सिरसा मंडलों को अब भिलाई जिला संगठन में स्थानांतरित कर दिया गया है।
संघठन को नया आकार और मजबूती
इस परिसीमन के बाद दुर्ग जिले में एक नया नगर निगम (रिसाली) और एक नई नगर पालिका (कुम्हारी) जुड़ गए हैं। दूसरी ओर, अहिवारा विधानसभा का ग्रामीण क्षेत्र भिलाई संगठन के अंतर्गत चला गया है।
संगठन के काम में सुधार की उम्मीद
जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने परिसीमन का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पार्टी का काम अधिक व्यवस्थित होगा। अब तक दुर्ग और भिलाई के बीच जो विधानसभाएं विभाजित थीं, वे पूरी तरह एक ही संगठनात्मक जिले में समाहित हो जाएंगी। यह बदलाव संगठन के समन्वय को बढ़ावा देगा। साथ ही, नए परिसीमन के अनुसार संगठन के चुनाव भी कराए जाएंगे।
नए मंडलों में पहली बार चुनाव
परिसीमन के तहत बनाए गए नए मंडलों में पहली बार मंडल अध्यक्षों का चुनाव होगा। इससे पार्टी अधिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने में सक्षम होगी।
कार्यकर्ताओं के लिए अवसर
जिला परिसीमन समिति के सदस्य सुरेंद्र कौशिक, राजेंद्र कुमार पाध्ये और दिलीप साहू ने बताया कि इस प्रक्रिया के बाद दुर्ग में कुल 17 मंडल होंगे। मंडलों की संख्या बढ़ने से संगठन का विस्तार तेज गति से होगा। अधिक कार्यकर्ताओं को पदभार सौंपने से पार्टी का आधार मजबूत होगा।
बैठक में मौजूद नेता
इस अहम बैठक में दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, भिलाई जिला अध्यक्ष महेश वर्मा, विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, ललित चंद्राकर, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, और अन्य वरिष्ठ नेता जैसे बालमुकुंद देवांगन, सांवला राम डाहरे, सुरेंद्र कौशिक, प्रेमलाल साहू, और विजेंद्र सिंह उपस्थित रहे। इनके अलावा भाजपा के कई पदाधिकारी और सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

