भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : जयपुर के अजमेर रोड स्थित भांकरोटा में आज सुबह एक भीषण हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया। एक एलपीजी टैंकर में तेज धमाके के साथ आग लगने से भारी नुकसान हुआ। यह हादसा पुष्पराज पेट्रोल पंप के पास तब हुआ, जब टैंकर बगरू की ओर से टर्न ले रहा था और पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद हुए धमाके की आवाज 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
300 मीटर इलाके में तबाही
इस हादसे में पांच लोगों के मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आग की लपटों ने आसपास के 300-400 मीटर के दायरे में तबाही मचा दी। 29 ट्रक, पांच कारें, दो बसें, पांच बाइक और एक ऑटो जलकर खाक हो गए।
दुकानों और फैक्ट्री को भारी नुकसान
• अर्शीवाद पाइप फैक्ट्री और गोदाम पूरी तरह जल गए। • 20 से अधिक दुकानें राख हो गईं। • दुकानों की छतें और शटर आग के दबाव से टूट गए। • पुष्पराज पेट्रोल पंप पर खड़े तीन ट्रक भी जल गए।
राहत कार्य और प्रशासनिक प्रयास
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन ने तुरंत हाईवे खाली करवाया और ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया। राहत और बचाव कार्य के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
• एसीपी बगरू हेमेन्द्र शर्मा और कलेक्टर जितेन्द्र सोनी ने स्थिति का जायजा लिया। • डीसीपी अमित बुड़ानिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का दौरा और मदद का आश्वासन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एसएमएस अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके इलाज के लिए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। जनप्रतिनिधि अभिषेक चौधरी ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की समीक्षा की।
एलपीजी पाइपलाइन पर खतरा टला
हादसे के पास से इंडियन ऑयल की एलपीजी पाइपलाइन गुजर रही थी। प्रशासन ने तुरंत गैस आपूर्ति बंद करवा दी, जिससे आग के और फैलने का खतरा टल गया।
जांच के आदेश
प्रशासन ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। भांकरोटा और आसपास के इलाकों में अब भी दहशत का माहौल है। आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की गई है और घायलों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

