छत्तीसगढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी: चार दशकों तक आतंक फैलाये रखने वाले 25 लाख के इनामी माओवादी प्रभाकर राव को पुलिस ने किया गिरफ्तार...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) कांकेर , नक्सल विरोधी अभियान में छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। 40 सालों से सक्रिय और 25 लाख रुपये के इनामी माओवादी कैडर प्रभाकर राव उर्फ बालमूरी नारायण राव को पुलिस ने कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र में दबोच लिया है। प्रभाकर राव की गिरफ्तारी माओवादियों के खिलाफ चल रहे अभियानों में एक अहम मील का पत्थर साबित हो रही है।  

चार राज्यों में फैली थी गतिविधियां

प्रभाकर राव माओवादी संगठन के शीर्ष नेतृत्व के करीबियों में गिना जाता था। वह ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में सक्रिय रहकर नक्सली गतिविधियों को अंजाम देता रहा। पुलिस के मुताबिक, वह संगठन के उत्तर सब जोनल ब्यूरो लॉजिस्टिक्स सप्लाई और मोबाइल पॉलिटिकल स्कूल (MOPOS) का प्रभारी था। संगठन में 1984 से जुड़ने के बाद से उसने पार्टी में प्रमुख भूमिका निभाई और विभिन्न राज्यों में नक्सली नेटवर्क को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।  

गुप्त सूचना से मिली सफलता  

छत्तीसगढ़ पुलिस को हाल के दिनों में जानकारी मिली थी कि प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) का वरिष्ठ सदस्य प्रभाकर राव कांकेर जिले में सक्रिय है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने 22 दिसंबर को अंतागढ़ क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया। इसी दौरान प्रभाकर राव को गिरफ्तार किया गया।  

गिरफ्तार माओवादी प्रभाकर राव तेलंगाना के जगित्याल जिले के बीरपुर गांव का निवासी है। पूछताछ के दौरान उसने माओवादी संगठन की कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिससे भविष्य में नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।  

बस्तर में 2024 की बड़ी उपलब्धि  

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि नक्सल विरोधी अभियानों के तहत 2024 में अब तक कुल 884 माओवादी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। प्रभाकर राव की गिरफ्तारी को उन्होंने माओवादी संगठन की रीढ़ पर चोट करार दिया।  

कांकेर रेंज के डीआईजी अमित तुकाराम कांबले और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई. के. ऐलेसेला के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अंतागढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश बढ़ई और भानुप्रतापपुर के एएसपी संदीप पटेल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने यह सफलता पाई।  

क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर रोक की उम्मीद

प्रभाकर राव की गिरफ्तारी से माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने में बड़ी मदद मिलेगी। कांकेर जिले में पुलिस बल की सतर्कता और अभियान की सफलता ने जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया है।  

छत्तीसगढ़ पुलिस की यह उपलब्धि नक्सल विरोधी अभियान के लिए प्रेरणास्रोत साबित हो सकती है और माओवादी गतिविधियों को खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI