भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के नंदिनी थाना क्षेत्र के मेडेसरा स्थित बोथरा पेट्रोल पंप पर बीती रात लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रात करीब पौने 1 बजे चार नकाबपोश युवक एक्टिवा और बाइक पर सवार होकर पेट्रोल पंप पहुंचे। पेट्रोल पंप बंद होने की सूचना पर वे गुस्से में आ गए और एयरगन निकालकर कर्मचारियों को डराने लगे।
कैसे हुई घटना?
पेट्रोल पंप के कैशियर छत्रपाल साहू (18 वर्ष) और उनके साथी गोपाल साहू घटना के वक्त ड्यूटी पर थे। रात 10 बजे पंप बंद करने के बाद दोनों ऑफिस में सो रहे थे। तभी चार नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और पेट्रोल डालने की मांग की। कर्मचारियों ने जब बताया कि पंप बंद हो चुका है, तो बदमाश गाली-गलौज करने लगे।
इसके बाद उन्होंने एयरगन दिखाकर कर्मियों को धमकाया और डंडे से हमला किया। बदमाशों ने ऑफिस में रखे कैश 28 हजार रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं, कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीनकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से सुराग की तलाश
घटना के बाद पेट्रोल पंप के मालिक ने नंदिनी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि चारों आरोपियों ने मुंह पर गमछा और सिर पर मंकी कैप लगा रखी थी। उनके खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल, बदमाशों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी गई है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

