छत्तीसगढ़ में नए साल का स्वागत करेगी कड़ाके की ठंड! 31 दिसंबर से शीतलहर का अलर्ट और कोहरे से बढ़ेगी सर्दी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : नए साल की शुरुआत छत्तीसगढ़ में कंपकंपाती ठंड के साथ होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और ठंड का असर बढ़ेगा। न्यूनतम तापमान में 6 से 8 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे सर्दी का प्रकोप और अधिक बढ़ सकता है।  

बारिश और गिरते तापमान का असर

रविवार को मनेन्द्रगढ़-भरतपुर जिले में बारिश दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया। वहीं, बलरामपुर जिला लगातार ठंड का केंद्र बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, मनेन्द्रगढ़ में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।  

31 दिसंबर से शीतलहर का अलर्ट  

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, 31 दिसंबर से प्रदेश के उत्तरी क्षेत्रों में शीतलहर चलने की संभावना है। राजधानी रायपुर में मौसम साफ रहेगा, लेकिन ठंड और कोहरा परेशानी बढ़ा सकते हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहने का अनुमान है।  

वन क्षेत्र और कोहरा

प्रदेश के वन क्षेत्रों में कोहरा छाए रहने से ठंड बढ़ेगी। सुबह के समय दृश्यता कम होने से यातायात पर भी इसका असर पड़ सकता है।  

नए साल का आगमन छत्तीसगढ़ में ठंडी हवाओं और कोहरे के बीच होगा। ऐसे में यह मौसम प्रकृति की सुंदरता के साथ ठिठुरन का अनुभव भी लेकर आएगा। 

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV