भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) रायपुर नगरीय प्रशासन और विकास विभाग ने राज्य के 166 नगरीय निकायों को कुल 66.06 करोड़ रुपये की पार्षद निधि जारी की है। उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव द्वारा अनुमोदन के बाद विभाग ने 14 नगर निगमों को 21 करोड़ 96 लाख रुपये, 48 नगर पालिकाओं को 20 करोड़ 70 लाख रुपये और 104 नगर पंचायतों को 23 करोड़ 40 लाख रुपये की निधि जारी की है। इस राशि का उद्देश्य नगरीय निकायों के विकास और नागरिकों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना है। यह निधि वार्डों के विकास और आवश्यक कार्यों को पूरा करने के लिए उपयोग की जाएगी।
जारी की गई राशि चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए निर्धारित कुल निधि का 50 प्रतिशत है। इससे पहले जुलाई महीने में नगरीय निकायों को 65 करोड़ 72 लाख 24 हजार रुपये का आवंटन किया गया था। पार्षद निधि के तहत नगर निगमों में प्रत्येक वार्ड को छह लाख रुपये, नगर पालिकाओं में प्रत्येक वार्ड को साढ़े चार लाख रुपये और नगर पंचायतों में प्रत्येक वार्ड को तीन लाख रुपये का प्रावधान है।
हाल ही में उप मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री अरुण साव से विभिन्न नगरीय निकायों के पार्षदों ने मिलकर पार्षद निधि की राशि जारी करने की मांग की थी। इस पर साव ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विभाग को पार्षद निधि जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस निधि का उपयोग पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। साथ ही, सभी कार्यों का क्रियान्वयन वार्डों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पार्षदों की सिफारिश से किया जाए।
साव ने यह भी आशा व्यक्त की है कि पार्षद निधि के जरिए वार्ड स्तर पर बुनियादी ढांचे में सुधार होगा, जिससे नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उनका उद्देश्य सभी को बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

