महिला भिखारी हफ्तेभर की कमाई सुनकर दंग रह गयी रेस्क्यू टीम , महिला की हफ्ते की कमाई 75 हजार रूपये , किसी आम व्यक्ति की कमाई से कहीं ज्यादा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :  मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में एक महिला भिखारी की चौंकाने वाली कमाई ने सभी को हैरान कर दिया है। महिला के पास से 74,768 रुपए नकद मिले, और उसका दावा है कि यह उसकी एक हफ्ते की कमाई है। इतना ही नहीं, उसने बताया कि हर 10-15 दिन में वह इसी तरह की रकम इकठ्ठा कर लेती है। यह महिला शनि मंदिर और जैन मंदिर के पास अक्सर भीख मांगती थी। अब उसे रेस्क्यू कर उज्जैन के सेवाधाम आश्रम में पुनर्वास के लिए भेज दिया गया है।  

इंदौर में भिक्षावृत्ति पर अभियान  

इंदौर शहर को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के लिए कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत टीम ने बड़ा गणपति और राजवाड़ा क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने शनि मंदिर के पास से महिला भिखारी को पकड़ा।  

रेस्क्यू के बाद जब महिला की तलाशी ली गई, तो उसके पास से 74,768 रुपए मिले। टीम के सदस्य यह देखकर हैरान रह गए। जब महिला से इस बारे में पूछा गया, तो उसने कहा, "यह तो मेरी एक हफ्ते की कमाई है। मैं हर 10-15 दिन में इतनी रकम जुटा लेती हूं।"

1 रुपए से 500 रुपए तक के नोट मिले  

महिला के पास विभिन्न मूल्यवर्ग के नोट मिले, जिनका विवरण कुछ इस प्रकार है:  

- 100 रुपए के 423 नोट: 42,300  रु.

- 50 रुपए के 174 नोट: 8,700 रु. 

- 20 रुपए के 305 नोट: 6,100  रु.

- 10 रुपए के 280 नोट: 2,800  रु.

- 200 रुपए के 18 नोट: 3,600  रु.

- 500 रुपए के 22 नोट: 11,000  रु.

महिला मुख्य रूप से मंदिरों और आसपास के इलाकों में भीख मांगती थी।  

पुनर्वास के लिए भेजा गया  

महिला को रेस्क्यू करने के बाद उज्जैन के सेवाधाम आश्रम में भेज दिया गया है, जहां उसका पुनर्वास किया जाएगा। यह मामला न केवल लोगों के दान देने के तरीके पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि भिक्षावृत्ति कैसे बड़े पैमाने पर आय का जरिया बन सकती है।  इंदौर प्रशासन अब इस दिशा में और कड़े कदम उठाने की तैयारी कर रहा है, ताकि शहर को पूरी तरह भिक्षावृत्ति मुक्त बनाया जा सके।

 

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI