भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : ओडिशा के झारसुगुड़ा से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। एक युवक, जो पहले रेप के आरोप में जेल गया था, जेल से छूटने के बाद न केवल नाबालिग पीड़िता का अपहरण किया, बल्कि उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और शव के कई टुकड़े कर नदी में फेंक दिया। यह मामला न केवल न्याय प्रणाली पर सवाल खड़े करता है, बल्कि समाज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर चिंतन की आवश्यकता जताता है।
क्या है पूरा मामला?
यह भयावह घटना झारसुगुड़ा जिले की है, जहां 24 वर्षीय आरोपी कुनु किसान ने पहले एक लड़की से रेप किया। बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। हालांकि, उसने अदालत से जमानत ले ली और बाहर आते ही उसने पीड़िता के खिलाफ बदले की भावना से एक और घिनौना अपराध कर डाला।
आरोपी ने पीड़िता का अपहरण किया और उसे राउरकेला ले गया। वहां, उसने उसकी हत्या कर शव के कई टुकड़े किए और उन्हें राउरकेला की ब्राह्मणी नदी और आसपास के दलदली इलाकों में फेंक दिया।
कैसे खुला मामला?
मामला तब सामने आया जब पीड़िता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। झारसुगुड़ा पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और पीड़िता के फोटो को स्मार्ट सीसीटीवी सिस्टम में अपलोड किया। सीसीटीवी फुटेज में पीड़िता को आरोपी के साथ देखा गया, जिससे आरोपी की पहचान हुई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि पीड़िता उसके खिलाफ दुष्कर्म मामले की शिकायतकर्ता थी, और उसे लगा कि अगर वह जिंदा रही, तो उसे और सजा हो सकती है। इसी डर और बदले की भावना ने उसे इस घिनौने अपराध की ओर धकेल दिया।
शव के टुकड़ों की बरामदगी
पुलिस और (ODRAF) टीम की मदद से राउरकेला के दूसरे ब्राह्मणी पुल के पास से शव के अधिकांश अंग बरामद किए गए। छोटे-छोटे अंग तारकेरा पंप हाउस के पास दलदली झाड़ियों से मिले। पुलिस ने यह भी बताया कि शव के सभी हिस्से बरामद कर लिए गए हैं।
आरोपी की पृष्ठभूमि और कानूनी प्रक्रिया
पीड़िता की मुलाकात आरोपी से तब हुई जब वह अपने चाचा के घर पर रह रही थी। 26 अगस्त 2023 को, धरूआडीही पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी हुई। आरोपी ने बाद में उच्च न्यायालय से राहत की मांग की और 8 जनवरी को अंतरिम जमानत प्राप्त कर ली। हालांकि, अदालत में पेश न होने पर उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
पुलिस का बयान और कार्रवाई
इस मामले में आईजी हिमांशु लाल ने कहा, "यह एक संवेदनशील मामला है। पुलिस ने सभी साक्ष्य जुटा लिए हैं और स्पीड ट्रायल के जरिए आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।"
क्या यह मामला न्याय प्रणाली पर सवाल खड़ा करता है?
इस घटना ने एक बार फिर न्यायिक प्रक्रियाओं में सुधार की आवश्यकता को रेखांकित किया है। रेप के आरोपी को जमानत पर रिहा करना और फिर उसकी ओर से इतने जघन्य अपराध का होना, कानून और समाज के लिए एक बड़ी चुनौती है। यह घटना न केवल अपराधी को कड़ी सजा देने की मांग करती है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करने की कि भविष्य में ऐसे मामलों में न्याय प्रक्रिया और मजबूत हो।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

