भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक गैस सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से एक ही परिवार के तीन लोग अपनी जान से हाथ धो बैठे। हादसा बसंतपुर थाना क्षेत्र के भंवरमरा गांव में शुक्रवार सुबह हुआ।
जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय भगवत सिंह, जो कि किराना दुकान चलाते थे, अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। उनकी पत्नी, 35 वर्षीय तनु सिंह और 2 साल की बेटी भाविया सिंह भी उनके साथ थीं। घटना के वक्त घर में आग लग गई, जिसके कारण तीनों की जलकर मौत हो गई।
ग्रामीणों द्वारा आग की लपटों और धुएं को देखकर फायर ब्रिगेड और पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को काबू किया, तब तक तीनों की मृत्यु हो चुकी थी और घर का सारा सामान भी जलकर खाक हो चुका था।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गैस सिलेंडर पाइप में लिकेज की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू कर दी। राजनांदगांव एसडीएम खेमलाल वर्मा, FSL की टीम और सीएसपी पुष्पेंद्र नायक भी घटना स्थल पर पहुंचे और जांच की प्रक्रिया शुरू की।


