CG मौसम अपडेट : दुर्ग सहित 8 जिलो में शीतलहर का अलर्ट जारी , कड़ाके की ठंड के बीच शनिवार और रविवार को तापमान में गिरावट की सम्भावना...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ में ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के आठ जिलों—गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और दुर्ग में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार और रविवार को यहां तापमान और गिरने की संभावना है। जशपुर के बगीचा इलाके में ठंड इतनी बढ़ गई है कि ओस की बूंदें जमने लगी हैं।  

बलरामपुर सबसे ठंडा जिला

शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान बलरामपुर में दर्ज हुआ, जहां पारा 4.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा रहा। दुर्ग में रात का न्यूनतम तापमान 9.02 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री कम है।  

उत्तर छत्तीसगढ़: शीतलहर की चपेट में  

उत्तर छत्तीसगढ़ में लगातार ठंडी हवाएं चल रही हैं। यहां रात के साथ-साथ दिन में भी शीतलहर जैसे हालात हैं। सरगुजा संभाग के मैनपाट और सामरी इलाकों में पारा सबसे नीचे दर्ज हुआ है। पेंड्रारोड का अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है।  

राजनांदगांव: कोहरे का असर

राजनांदगांव में सुबह घने कोहरे ने विजिबिलिटी को काफी कम कर दिया। सड़क पर आवाजाही करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 27 डिग्री दर्ज हुआ।  

रायपुर और माना में ठंड बढ़ी

राजधानी रायपुर में भी ठंड अपना असर दिखा रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री दर्ज हुआ। माना में पारा 10 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार और रविवार को मौसम साफ रहेगा और ठंडी हवाओं के कारण पारा सामान्य से नीचे बना रहेगा।  

आगे क्या?

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 दिसंबर तक प्रदेश में ड्राई हवा का सिलसिला जारी रहेगा। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट बनी रहेगी। अगले दो दिन खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। प्रदेश के नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें और सुबह-शाम सतर्क रहें।  

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI