CG : जिंदा नवजात को प्लास्टिक की बोरी में भरकर नाले में फेंकने की दर्दनाक घटना, ग्रामीणों ने दिखाई मानवता...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के चरोटा गांव में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक जीवित नवजात शिशु को यूरिया खाद की प्लास्टिक की बोरी में भरकर नाले में फेंक दिया गया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान

गांव के कुछ लोग सुबह की सैर पर निकले थे, जब उन्होंने नाले के पास एक बच्चे के रोने की आवाज सुनी। आवाज का पीछा करने पर उन्हें नाले में एक प्लास्टिक की बोरी दिखाई दी। जब बोरी खोली गई, तो उसमें से एक नवजात शिशु मिला, जो अभी जीवित था।

ग्रामीणों ने तुरंत गांव की मितानिन (आशा कार्यकर्ता) को बुलाया। मितानिन ने तुरंत नवजात को प्राथमिक उपचार देने के बाद धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चल रहा है इलाज

धमतरी जिला अस्पताल के एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) वार्ड में नवजात का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि नवजात का जन्म हाल ही में हुआ था और ठंड के कारण उसका शरीर ठंडा हो गया था। उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, इसलिए ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। डॉक्टरों की टीम नवजात की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

डॉ. अखिलेश देवांगन, जो अस्पताल में नवजात की देखरेख कर रहे हैं, ने कहा, "नवजात को समय पर अस्पताल लाया गया, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। फिलहाल बच्चे की स्थिति स्थिर है, लेकिन उसे गहन देखभाल की जरूरत है।"