ऑपरेशन से लौटते समय हुआ हमला
घटना उस समय हुई जब दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर जिलों की संयुक्त ऑपरेशन टीम एक अभियान से लौट रही थी। कुटरू थाना क्षेत्र के ग्राम अंबेली के पास 6 जनवरी को दोपहर लगभग 2:15 बजे नक्सलियों ने साजिश के तहत आईईडी ब्लास्ट कर दिया। जवानों से भरी स्कॉर्पियो को पूरी तरह उड़ा दिया गया। धमाके में 8 जवानों और ड्राइवर की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक जवान लापता है, जिसकी तलाश जारी है।
भयावह दृश्य और माओवादी साजिश
घटना स्थल का नजारा दिल दहला देने वाला था। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वाहन के टुकड़े आसपास के पेड़ों पर जा अटके और शहीद जवानों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। सड़क पर बने 10 फीट गहरे गड्ढे से समझा जा सकता है कि नक्सलियों ने इस घटना को कितनी साजिशपूर्वक अंजाम दिया।
घटना की निंदा और शोक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई नेताओं ने इस हृदयविदारक घटना की निंदा की है। बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि यह हमला नक्सलियों की सुनियोजित योजना का हिस्सा था, जिसमें उन्होंने जवानों को निशाना बनाया।

