भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब कैंप 2 के बैंकुंठ धाम जेपी नगर चौक स्थित महादेव कैटर्स नामक दुकान में आग लग गई। शुरुआती जांच के अनुसार, आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, लेकिन स्थिति तब और बिगड़ गई जब सिलेंडर में धमाके होने लगे। इस घटना में कुल 6 सिलेंडर फटने से आग विकराल हो गई।
लाखों का सामान जलकर राख
कैटरिंग दुकान के मालिक गौरव केसरवानी ने बताया कि उन्होंने दिल्ली से 10 लाख रुपए से अधिक का सामान मंगवाया था, जो इस भीषण आग में जलकर पूरी तरह राख हो गया। हादसे के वक्त दुकान में काम चल रहा था, लेकिन राहत की बात यह है कि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
राहत और बचाव कार्य में जुटी दमकल टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग हरकत में आ गया। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों ने बताया कि शुरुआती जानकारी में केवल एक सिलेंडर फटने की सूचना मिली थी, लेकिन बाद में पता चला कि कुल 6 सिलेंडर धमाके से फट चुके हैं।
कैसे हुआ सिलेंडर ब्लास्ट?
पुलिस और जांच टीम मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि आग लगने की असली वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, लेकिन सिलेंडर ब्लास्ट क्यों और कैसे हुए, यह जांच का विषय है।
आसपास मची अफरातफरी
ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोगों ने तुरंत मदद के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
सुरक्षित निकाले गए लोग
घटना के समय दुकान में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

