अपनी ही 6 महीने की बच्ची के रोने से परेशान माँ ने की बच्ची की निर्मम हत्या , मानसिक रूप से बीमार बच्ची की लगातार रोने की वजह से तंग आकर उठाया खौफनाक कदम , महिला गिरफ्तार....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां ने अपनी छह महीने की बेटी की हत्या कर दी। यह घटना शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की है, जहां मानसिक रूप से बीमार बच्ची की लगातार रोने की वजह से उसकी मां मुसर्रत ने उसका गला घोंट दिया।

मां ने किया जुर्म कबूल

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला मुसर्रत ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी हिदाया के सिर में गांठ थी और उसकी मानसिक बीमारी के चलते वह बहुत रोती थी। मुसर्रत इस स्थिति से इतनी परेशान हो गई कि उसने अपनी बेटी की जान ले ली।

परिवार के आरोप

इस घटना के बारे में सबसे पहले बच्ची की ताई अजरा ने पुलिस को सूचित किया। अजरा का कहना है कि बच्ची के इलाज का खर्च वह खुद उठा रही थीं। अजरा ने अपनी देवरानी मुसर्रत पर बच्ची की हत्या का आरोप लगाया है।

बच्ची का इलाज और मौत

अजरा ने बताया कि हिदाया का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था। 13 जनवरी को बच्ची को डॉक्टर को दिखाया गया था, और उन्हें 16 जनवरी को वापस आने को कहा गया था। 16 जनवरी को डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण बच्ची को वापस घर लाया गया। उसी दिन मुसर्रत बच्ची को अपनी मां के घर लेकर गई, जहां शाम को उसने जेठानी अजरा को बच्ची की मौत की खबर दी।

हत्या का खुलासा

17 जनवरी की सुबह जब अजरा ने मुसर्रत से बच्ची की मौत के बारे में पूछा तो उसने बताया कि मानसिक बीमारी और इलाज से तंग आकर उसने बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। यह सुनकर अजरा ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया।

एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि अजरा की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर किया जा रहा है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्र से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। पोस्टमार्टम के बाद ही सच्चाई का पता चलेगा।


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV