भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर , छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक अभूतपूर्व कार्रवाई के तहत ऑपरेशन साइबर शील्ड को अंजाम देते हुए रायपुर रेंज और साइबर टीम की संयुक्त कोशिशों से तीन राज्यों में छापेमारी कर 62 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर 84 करोड़ रुपये से ज्यादा की साइबर ठगी का आरोप है। यही नहीं, इनके खिलाफ पूरे देशभर में 1,400 से ज्यादा एफआईआर दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन नाइजीरियाई नागरिक भी शामिल हैं।
इस व्यापक ऑपरेशन के तहत पुलिस ने रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव और महासमुंद के अलावा राजस्थान और ओडिशा में भी कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को बसों में भरकर रायपुर कोर्ट में पेश किया गया।
कैसे अंजाम दिया गया ऑपरेशन?
यह ऑपरेशन रायपुर के आईजी अमरेश मिश्रा की निगरानी में हुआ, जिसमें साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज म्यूल बैंक अकाउंट्स की गहन जांच की गई। पुलिस ने 1,100 से अधिक ऐसे बैंक खातों का विश्लेषण किया, जिनका उपयोग साइबर ठगी के लिए किया गया था।
जांच में पाया गया कि ठगी के लिए कई तरीकों का इस्तेमाल किया गया, जैसे:
- फर्जी बैंक खाते: कमीशन के बदले दूसरों के खाते इस्तेमाल करना।
- क्रिप्टोकरेंसी इन्वेस्टमेंट फ्रॉड।
- फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स।
- गूगल रिव्यू और टास्क स्कीम्स।
- टेलीग्राम टास्क और फर्जी केवाईसी।
100 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें बनाई गईं, जिन्होंने 3 दिनों तक इन राज्यों में छापेमारी की।
ठगी में शामिल लोग
गिरफ्तार किए गए लोगों में से अधिकांश सीधे तौर पर साइबर ठगी में लिप्त थे। इसके अलावा, 20 से ज्यादा ऐसे आरोपी हैं जिन्होंने कमीशन के बदले अपने बैंक खाते ठगों को दिए थे। इनके खातों में ठगी की रकम जमा होती थी, जिनमें से कई ने 10-20% तक का कमीशन लिया।
बैंक खाते फ्रीज़ और ठगी की रकम बरामद
पुलिस ने ठगों के बैंक खातों को फ्रीज़ कर दिया है। इन खातों में से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की रकम बरामद हुई है।
बसों में भरकर आरोपी पेश किए गए
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या इतनी अधिक थी कि इन्हें कोर्ट में पेश करने के लिए बसों का इंतजाम किया गया। यह छत्तीसगढ़ पुलिस की साइबर क्राइम के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक मानी जा रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

