भिलाई में निर्विरोध चुने गए बीजेपी प्रत्याशी चंदन यादव , कांग्रेस प्रत्याशी ने लिया नाम वापस, रायगढ़ से कांग्रेस के दो पार्षद उम्मीदवारों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ली....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नाम वापसी की अंतिम तिथि पर भिलाई और रायगढ़ से कांग्रेस के दो पार्षद उम्मीदवारों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है। भिलाई में मनोज सिन्हा द्वारा नामांकन वापसी के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी चंदन यादव बिना किसी मुकाबले के विजयी घोषित हो गए।

इसी तरह, रायगढ़ के वार्ड क्रमांक 18 में कांग्रेस उम्मीदवार शीला साहू ने अपना नाम वापस ले लिया, जिससे भाजपा की पूनम सोलंकी को निर्विरोध जीत मिल गई।

आज शाम तक उम्मीदवारों को नामांकन वापस लेने का अवसर दिया गया है, जिसके पश्चात चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। इसी के साथ, चुनाव चिन्हों का आवंटन भी आज ही किया जाएगा। मतदान प्रक्रिया 11 फरवरी को संपन्न होगी, जबकि 15 फरवरी को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। महापौर पद हेतु 109, अध्यक्ष पद के लिए 816 और पार्षद पद के लिए कुल 10,776 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।

इससे पहले, गुरुवार को कांग्रेस को चुनावी प्रक्रिया में कई झटके लगे। धमतरी में पार्टी के महापौर पद के उम्मीदवार विजय गोलछा का नामांकन रद्द हो गया, वहीं विश्रामपुर नगर पंचायत में कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का नामांकन भी निरस्त कर दिया गया।

इसी बीच, चार स्थानों पर भाजपा प्रत्याशियों ने बिना मतदान के ही पार्षद पद पर जीत दर्ज कर ली। इनमें बिलासपुर और दुर्ग नगर निगम से एक-एक तथा कटघोरा नगर पालिका से दो भाजपा प्रत्याशियों को वॉकओवर मिला, क्योंकि इन सीटों पर कांग्रेस या किसी अन्य दल अथवा निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल नहीं किया था।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV