भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) दुर्ग मोहन नगर थाना पुलिस ने होटल दिखाने के नाम पर लूट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, लूटी हुई सोने की चेन खरीदने वाले शख्स को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने इनसे लूटी हुई सोने की चेन जब्त कर ली है।
घटना का विवरण
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर ने बताया कि प्रार्थी संतोष कुमार (54 वर्ष), निवासी बैंक कॉलोनी, बचेली, दंतेवाड़ा, ने मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। संतोष कुमार एम्स रायपुर में हिप्स ऑपरेशन के बाद नियमित चेकअप के लिए आते हैं। दिनांक 20 जनवरी 2025 को वे अपने दोस्त दिनेश यादव से मिलने हुडको, भिलाई आए थे और रात को होटल सूर्या, दुर्ग में रुके थे।
यह भी पढ़े - सास-ससुर पोते-पोती से ज्यादा करते थे नातिन को प्यार , चिढ़ से मामी ने मासूम को उतारा मौत के घाट...
अगले दिन, 21 जनवरी को, सुबह 11 बजे होटल से चेक-आउट कर वे सस्ता होटल ढूंढने के लिए निकले। उसी दौरान, एक ई-रिक्शा में सवार दो व्यक्तियों ने उनसे पूछा कि वे कहां जाना चाहते हैं। संतोष ने सस्ते होटल की बात कही, जिस पर दोनों ने उन्हें कई होटल दिखाए, लेकिन कोई पसंद नहीं आया। अंत में संतोष ने वापस होटल सूर्या छोड़ने को कहा।
लूट का अंजाम
ई-रिक्शा चालक ने उन्हें कृषि उपज मंडी के एक सुनसान इलाके में ले जाकर रोक दिया। शंका होने पर संतोष ने ई-रिक्शा से कूदने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें डराकर उनके गले से 3-4 तोला वजनी सोने की चेन (कीमत लगभग 2 लाख रुपये) और ट्रॉली बैग लूट लिया।
जुर्म कबूल और गिरफ्तारी
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपियों की पहचान रेशम सरदार और हिरामन गोड उर्फ बाटू देवार के रूप में हुई। हिरासत में लेने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि लूटी हुई सोने की चेन बलजीत सिंह को बेच दी थी। पुलिस ने बलजीत सिंह से सोने की चेन जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपी:
- रेशम सरदार उर्फ जगतार सिंह (33 वर्ष): ब्लॉक नंबर 53, बॉम्बे आवास, उरला, दुर्ग।
- हिरामन गोड उर्फ बाटू देवार (24 वर्ष): ब्लॉक नंबर 10, बॉम्बे आवास, उरला, दुर्ग।
- बलजीत सिंह उर्फ बब्बू (31 वर्ष): राम नगर, सिकोला भाठा, दुर्ग।
रेशम सरदार आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया गया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

