भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :रायगढ़, छत्तीसगढ़ एक दर्दनाक घटना में, रायगढ़ जिले के टीपाखोल डैम में मंगलवार शाम डिप्टी कलेक्टर अजय लकड़ा के 25 वर्षीय बेटे, जॉय लकड़ा, की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब जॉय अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था।
हादसे का पूरा घटनाक्रम
जॉय लकड़ा, जो दिल्ली में पढ़ाई कर रहा था, कॉलेज की छुट्टियों में रायगढ़ अपने परिवार से मिलने आया था। मंगलवार की शाम करीब 8 से 8:30 बजे के बीच, जॉय अपने दो दोस्तों के साथ टीपाखोल डैम पर गया। बताया जा रहा है कि डैम के गेट खोलने वाले पॉइंट पर खड़े होने के दौरान, उसके ईयरबड्स पानी में गिर गए। ईयरबड्स को निकालने की कोशिश में जॉय ने बिना पानी की गहराई का अंदाजा लगाए डैम में छलांग लगा दी।
बचाने की कोशिश नाकाम
पानी में उतरने के बाद जॉय गहराई में डूबने लगा। साथ में मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन तैराकी न आने की वजह से वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते जॉय पानी में समा गया।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही कोतरा रोड पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद जॉय का पता नहीं चल पाया। बुधवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके बाद गोताखोरों ने जॉय का शव डैम से बरामद किया।
छुट्टियों में रायगढ़ आया था जॉय
स्थानीय लोगों ने बताया कि जॉय और उसके दोस्त कॉलेज में साथ पढ़ाई करते थे। छुट्टियों के दौरान तीनों दोस्तों ने रायगढ़ घूमने का प्लान बनाया था। मंगलवार को दिनभर मार्केट घूमने के बाद शाम को वे टीपाखोल डैम पहुंचे, जहां यह दर्दनाक घटना हो गई।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

