CG :क्राइम पेट्रोल की तर्ज पर गंगाजल में साइनाइड मिलाकर तंत्र-मंत्र से हत्या का खौफनाक सिलसिला: दुर्ग निवासी आरोपी ने कबूले छह मर्डर, तीन मामलों का खुलासा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ में गंगाजल में साइनाइड मिलाकर तीन लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन धमतरी पुलिस की सख्ती के बाद उसने न केवल तीन बल्कि छह हत्याएं करने की बात कबूल की। आरोपी ने पुलिस को शवों के स्थान दिखाने का दावा भी किया, लेकिन कोई शव नहीं मिला।

रायपुर पुलिस को गुमराह किया, धमतरी में फंसा

आरोपी सुखवंत, जो मूल रूप से दुर्ग का निवासी है, कंप्यूटर और फोटोकॉपी की दुकान चलाता है। उसने रायपुर पुलिस को लगातार गुमराह किया। मामला तब खुला, जब उसने धमतरी में एक हत्या को अंजाम दिया। धमतरी के एएसपी और साइबर टीम ने आरोपी से कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने छह हत्याओं का दावा किया।

तीन हत्याओं का सिलसिलेवार ब्यौरा

सुखवंत ने अपनी पहली हत्या अभनपुर के नरेंद्र साहू की थी। नरेंद्र, जो खोरपा गांव में कंप्यूटर की दुकान चलाता था, सुखवंत के झांसे में आ गया। आरोपी ने खुद को तंत्र-मंत्र का जानकार बताते हुए नरेंद्र से पैसे ऐंठे। जब नरेंद्र ने पैसे वापस मांगे, तो सुखवंत ने उसका कत्ल करने की साजिश रच डाली।

साइनाइड का ऑनलाइन ऑर्डर और क्राइम शो से मिली प्रेरणा

सुखवंत ने एक वेबसाइट के जरिए साइनाइड खरीदा। उसने टीवी पर दिखाए जाने वाले क्राइम शोज़ से यह सीखा कि साइनाइड से मौत हार्ट अटैक जैसी लगती है और शुरुआती पोस्टमॉर्टम में इसका पता लगाना मुश्किल होता है। उसने गंगाजल में साइनाइड मिलाकर नरेंद्र की हत्या की योजना बनाई।

रात में तंत्र-मंत्र के बहाने बुलाया

27 नवंबर 2024 की रात, सुखवंत ने नरेंद्र को तंत्र-मंत्र के बहाने एक नर्सरी के पास बुलाया। वहां उसने नींबू, अगरबत्ती और लाल कपड़े के साथ साइनाइड मिला हुआ गंगाजल लाया। नरेंद्र ने जैसे ही वह जल पिया, उसकी मौत हो गई। अगले दिन पुलिस को उसका शव मिला। प्रारंभिक जांच में मौत हार्ट अटैक से प्रतीत हुई, लेकिन वीसरा रिपोर्ट ने जहरीले पदार्थ की पुष्टि की।

रायपुर पुलिस की चूक

नरेंद्र की कॉल डिटेल्स खंगालने पर सुखवंत का नंबर सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन वह बार-बार गुमराह करता रहा। सबूतों के अभाव में रायपुर पुलिस उसे छोड़ने की तैयारी में थी, जब धमतरी में एक और हत्या का मामला सामने आया।

धमतरी में दूसरी हत्या से हुआ पर्दाफाश

3 दिसंबर 2024 को धमतरी पुलिस को रुद्री क्षेत्र में एक लावारिस बाइक और तीन दिन बाद पास ही एक शव मिला। मृतक की पहचान सिहावा निवासी वीरेंद्र देवांगन के रूप में हुई। कॉल डिटेल्स से सुखवंत का नाम फिर सामने आया। धमतरी पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और सख्त पूछताछ की।

छह हत्याओं का दावा

सख्त पूछताछ में सुखवंत ने पुलिस को बताया कि उसने छह लोगों को मारा और शवों को अलग-अलग जगह खेतों में गाड़ दिया है। पुलिस ने दुर्ग के पाटन, उतई और शिवनाथ नदी के किनारे खुदाई कराई, लेकिन कोई शव नहीं मिला। हालांकि, उसने तीन हत्याओं को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।

तीसरी हत्या का खुलासा

सुखवंत ने वीरेंद्र की हत्या की वजह बताई। वीरेंद्र उसके दो और हत्याओं के बारे में जानता था, जिससे वह सुखवंत को ब्लैकमेल कर सकता था। सुखवंत ने वीरेंद्र को भी साइनाइड देकर मारने की योजना बनाई थी, लेकिन जहर खत्म हो गया। इसके बाद उसने उसके सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी।

रायपुर में दूसरी हत्या

पहली और तीसरी हत्या के बीच, सुखवंत ने 27-28 नवंबर 2024 को नवा रायपुर के हंसराम साहू की हत्या की। उसने हंसराम से तंत्र-मंत्र के बहाने डेढ़ लाख रुपये ऐंठे थे। जब हंसराम ने पैसे वापस मांगे, तो सुखवंत ने उसे भी मार डाला। इस मामले में फिलहाल राखी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है।

पीड़ित परिवारों की फांसी की मांग

नरेंद्र की पत्नी तारनी साहू ने आरोपी को फांसी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र ही परिवार का एकमात्र सहारा था। घर में दो छोटी बहनें, मां और दो बच्चे हैं। परिवार की आजीविका छिन जाने के कारण वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

आरोपी जेल में, जांच जारी

फिलहाल आरोपी को धमतरी पुलिस ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV