त्रिलोचन नागवंशी (35) और उसकी पत्नी वेदमति नागवंशी (26) अक्सर एक साथ शराब का सेवन किया करते थे। 1 जनवरी को, नए साल के जश्न के बीच दोनों ने सुबह से ही शराब पीना शुरू कर दिया। शाम होते-होते त्रिलोचन ने पत्नी से खाना बनाने को कहा। इस पर वेदमति ने कमर दर्द का हवाला देते हुए खाना बनाने में असमर्थता जताई।
पत्नी के इनकार से त्रिलोचन का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। शराब के नशे में उसने आपा खो दिया और वेदमति पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। गुस्से में उसने पत्नी के सिर, चेहरे और छाती पर इतनी जोर से वार किए कि वेदमति बेहोश हो गई। मारपीट के दौरान उसकी हालत गंभीर हो गई।
त्रिलोचन जब होश में आया, तो वेदमति की स्थिति देखकर उसे लैलूंगा अस्पताल ले गया। लेकिन चोटों की गंभीरता के चलते इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि वेदमति के छाती की हड्डी टूट चुकी थी, और चेहरे पर गहरे घाव के निशान थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति त्रिलोचन नागवंशी को हिरासत में लेकर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

