भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) बलरामपुर, महाकुंभ 2025 में उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक कड़ा फैसला लिया है। यूपी से सटे सभी सीमावर्ती राज्यों की सीमाओं को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गई है।
धनवार बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतार
इस फैसले का सीधा असर बलरामपुर जिले के धनवार बॉर्डर पर देखने को मिला, जहां वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। यात्री और वाहन चालक घंटों से रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन किसी को भी आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दे रहा है।
31 जनवरी तक पूर्ण प्रतिबंध
सरकार के निर्देशानुसार, 31 जनवरी की रात 12 बजे तक सभी छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
इस प्रतिबंध से सैकड़ों लोग रास्ते में फंसे हुए हैं। कई यात्री आवश्यक कार्यों से सफर पर निकले थे, लेकिन बॉर्डर पर रोक दिए जाने के कारण उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग खाने-पीने और ठहरने की व्यवस्था को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू प्रबंधन के लिए आवश्यक है। लोगों को अस्थायी असुविधा जरूर हो रही है, लेकिन यह प्रतिबंध आवश्यक व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाया गया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

