CG : महाकुम्भ को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर बवाल, छत्तीसगढ़ में भाजपा ने की पुलिस से शिकायत....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा मध्यप्रदेश के महू में दिए गए बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने इसे सनातन धर्म विरोधी और घृणित सोच का प्रतीक बताया है। इस संदर्भ में भाजपा ने खड़गे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। मंगलवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, विधि प्रकोष्ठ के संयोजक जेपी चंद्रवंशी और सह संयोजक बृजेश पांडे ने रायपुर के सिविल लाइन थाने में आवेदन सौंपा।  


भाजपा नेताओं ने अपने आवेदन में कहा है कि वर्तमान में प्रयागराज में महाकुंभ का विशाल आयोजन चल रहा है। इस अवसर पर न केवल देश के विभिन्न हिस्सों से बल्कि विदेशों से भी लगभग 45 करोड़ श्रद्धालु माँ गंगा के त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। उत्तरप्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस भव्य आयोजन के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।  

भाजपा का आरोप है कि इस पवित्र आयोजन के दौरान कांग्रेस ने अपने धर्म विरोधी रवैये को एक बार फिर उजागर किया है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने महाकुंभ को लेकर जो बयान दिया है, वह न केवल सनातन धर्म के अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुँचाता है, बल्कि इसे भारतीय जनता पार्टी ने भी अत्यंत आपत्तिजनक माना है।  

खड़गे ने महू में दिए बयान में कहा था, "क्या गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी खत्म हो जाएगी? क्या इससे आपको भोजन मिलेगा? जब बच्चे भूख से मर रहे हैं, मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है और बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, तब हजारों रुपये खर्च करके डुबकी लगाने से देश का भला कैसे होगा?"  

भाजपा नेताओं का कहना है कि इस बयान से उन करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुँची है, जो महाकुंभ के दौरान संगम स्नान को लेकर गर्व का अनुभव करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने बयान के जरिए कांग्रेस की संकीर्ण सोच को उजागर किया है।  

आवेदन में भाजपा ने कहा कि खड़गे के इस बयान से समाज के सौहार्द को खतरा पैदा हो सकता है। इससे हिंसा और अस्थिरता की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बढ़ गई है। भाजपा ने मांग की है कि इस बयान के आधार पर खड़गे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में शांति और सौहार्द बना रहे।