भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर। छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज की है। हालांकि, कुछ स्थानों के नतीजे अभी आने शेष हैं, लेकिन अधिकांश नगर निगमों में भाजपा की जीत तय मानी जा रही है। दुर्ग नगर निगम में भाजपा की अलका बाघमार ने कांग्रेस की प्रेमलता साहू को 67,295 मतों से पराजित कर भारी विजय प्राप्त की। इसी प्रकार, रायपुर में भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे ने कांग्रेस की दीप्ति दुबे के खिलाफ 1,46,559 मतों की बढ़त बनाई है।
अन्य निगमों में भी भाजपा का प्रदर्शन प्रभावी रहा। अंबिकापुर में भाजपा की मंजूषा भगत ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की को 5,000 वोटों से हराया। चिरमिरी में भाजपा के रामनरेश राय ने कांग्रेस के विनय जायसवाल को 4,000 मतों से शिकस्त दी। जगदलपुर में भाजपा प्रत्याशी संजय पांडेय ने कांग्रेस के मलकीत सिंह को हराकर जीत दर्ज की। राजनांदगांव में भाजपा के मधुसूदन यादव ने कांग्रेस के निखिल द्विवेदी को 40,000 से अधिक वोटों से मात दी।
कुल 10 नगर निगमों में भाजपा के मेयर प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि कांग्रेस को कोई सफलता नहीं मिली। रायगढ़ में भाजपा प्रत्याशी जीववर्धन चौहान ने कांग्रेस की जानकी काटजू को 36,365 मतों से हराया। धमतरी में भाजपा के जगदीश रामू रोहरा ने 34,085 वोटों से जीत हासिल की। बिलासपुर में पूजा विधानी 62,000 वोटों से आगे रहीं, जबकि कोरबा में संजू देवी राजपूत 45,000 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। दुर्ग में अलका बाघमार 15,000 वोटों से आगे रहीं, वहीं रायपुर में मीनल चौबे 1,38,418 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं।
इन चुनावी नतीजों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। रायपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेश मूणत कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाते नजर आए, जबकि लोरमी में डिप्टी सीएम साव ने कार्यकर्ताओं के साथ उत्सव में भाग लिया।
भाजपा की इस भारी जीत के प्रमुख कारण यह माना जा रहा है :
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व पर जनता का विश्वास।
सुशासन और ठोस निर्णयों ने मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में किया।
सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में सफलता।
स्थानीय निकाय चुनावों में मजबूत और लोकप्रिय प्रत्याशियों का चयन।
कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी, जिसने भाजपा की राह आसान बना दी।
भाजपा की इस विजय से पार्टी में उत्साह की लहर है और समर्थकों ने इसे एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

