भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई नगर थाना क्षेत्र में हुडको रेलवे पटरी के समीप झाड़ियों में एक नाबालिग लड़की का शव फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि युवती ने यह आत्मघाती कदम घर में हुए मामूली विवाद के बाद उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर हुडको रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में एक किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मृतका की पहचान रायपुर नाका उड़िया बस्ती की रहने वाली 17 वर्षीय सुशीला पटनायक के रूप में की है। झाड़ियों की ओर गए कुछ लोगों ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
परिजनों के लिए यह दृश्य अत्यंत हृदयविदारक था। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर सुशीला के माता-पिता और अन्य परिवारजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को घर में किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया था। अधिक डांट फटकार मिलने के कारण वह उसी रात करीब 10 बजे घर से निकल गई थी। परिजन पूरी रात उसकी तलाश में लगे रहे, मगर उसका कहीं पता नहीं चल पाया।
इस मामले में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। इसे देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। भिलाई नगर पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया, जिसके बाद शव को नीचे उतारकर सुपेला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

