भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का साक्षात प्रमाण देखने को मिल रहा है। इस महापर्व की शुरुआत 13 जनवरी से हुई थी, और अब तक करोड़ों श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर चुके हैं। यह दिव्य आयोजन 26 फरवरी 2025 तक जारी रहेगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष सेवा केंद्र स्थापित किया है, जिससे उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में प्रयागराज महाकुंभ में छत्तीसगढ़ पवेलियन (मंडप) का निर्माण किया गया है। यहां छत्तीसगढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क आवास और भोजन की उत्तम व्यवस्थाएं की गई हैं। अब तक इस पवेलियन में 25,000 से अधिक श्रद्धालु ठहरकर इन सुविधाओं का लाभ उठा चुके हैं। यह पवेलियन सेवा, सुविधा और श्रद्धा का केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शिता और संवेदनशीलता के कारण छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु महाकुंभ के इस दिव्य वातावरण का आनंद बिना किसी कठिनाई के उठा रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने छत्तीसगढ़ सरकार की इस सेवा भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। बिलासपुर से परिवार सहित प्रयागराज आए आशीष सिंह ने छत्तीसगढ़ पवेलियन में रुकने के बाद अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्थाएं सराहनीय हैं। स्वच्छता, सुरक्षा, समय पर भोजन और नाश्ता, मोबाइल चार्जिंग सुविधा, गर्म कंबल, गद्दे और आरामदायक बिस्तर जैसी सुविधाओं ने उनकी यात्रा को सुखद बना दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है।
छत्तीसगढ़ पवेलियन न केवल श्रद्धालुओं के ठहरने का स्थान है, बल्कि यह राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को भी उजागर करता है। यहां विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और संगीत की शानदार प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जो श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। इसके अतिरिक्त, सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिससे श्रद्धालु इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकते हैं।
महाकुंभ हिंदू धर्म में आस्था का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है, जहां स्नान, सेवा और आध्यात्मिक शुद्धि का संगम होता है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क आवास और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराना उनके लिए एक बड़ी राहत साबित हो रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की यह संवेदनशील और दूरदर्शी पहल छत्तीसगढ़ के हजारों श्रद्धालुओं को महाकुंभ के दिव्य आयोजन का भरपूर लाभ उठाने का अवसर प्रदान कर रही है। यह प्रयास न केवल छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितैषी नीतियों को दर्शाता है, बल्कि राज्य की संस्कृति और आस्था के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी उजागर करता है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

