300 रुपये की टी-शर्ट बनी काल : साइज फिट न होने के कारण युवक ने दोस्त की लेकिन विवाद ऐसा बढ़ा की दोस्त की कर दी हत्या....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : महाराष्ट्र के नागपुर में एक मामूली टी-शर्ट को लेकर हुए विवाद ने एक बड़ी त्रासदी का रूप ले लिया। इस विवाद में हिस्ट्रीशीटर शुभम हरणे की हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह घटना शांतीनगर पुलिस थाना अंतर्गत कावरापेठ इलाके की है। आरोपी अक्षय असोले ने 300 रुपये में एक टी-शर्ट ऑनलाइन खरीदी थी, लेकिन साइज फिट न होने के कारण उसने यह टी-शर्ट अपने दोस्त शुभम हरणे को दे दी। हालांकि, जब अक्षय ने शुभम से इस टी-शर्ट के पैसे मांगे, तो शुभम आनाकानी करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। बात तब और बिगड़ गई जब अक्षय के बार-बार पैसे मांगने पर शुभम ने गुस्से में आकर पैसे अक्षय के ऊपर फेंक दिए।

फ्लाइओवर के पास बुलाकर की गई हत्या

रविवार को अक्षय और उसके भाई प्रयाग ने शुभम को कावरापेठ फ्लाइओवर के पास बुलाया। वहां दोनों भाइयों ने मिलकर शुभम पर हमला कर दिया, जिसमें प्रयाग ने चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों भाई मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

मायो पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के कुछ ही घंटों बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि अक्षय और प्रयाग दोनों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या की इस वारदात की गहन जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जल्द की जाएगी।

300 रुपये की कीमत एक जान से ज्यादा?

यह घटना यह सोचने पर मजबूर कर देती है कि किस तरह छोटी-छोटी बातों पर होने वाले झगड़े जानलेवा साबित हो सकते हैं। समाज में बढ़ती हिंसा और गुस्से को नियंत्रित करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके|

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV