दुर्ग संभाग : 3100 कैदियों ने किया गंगा स्नान , महाकुंभ का पावन जल जेल कुंड में डाला गया , कैदियों ने इसे अविस्मरणीय क्षण बताया...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ की 5 सेंट्रल जेल, 20 जिला जेल और 8 उप-जेलों में महाकुंभ से लाया गया गंगाजल कैदियों के लिए विशेष स्नान का हिस्सा बना। दुर्ग सेंट्रल जेल में 25 फरवरी की सुबह कैदियों ने विशेष रूप से कुंड को फूलों से सजाया।

एक बड़ी टंकी में पानी भरा गया, जिसमें महाकुंभ से लाए गए गंगाजल की एक मटकी मिलाई गई। इसके पश्चात, महिला और पुरुष कैदियों ने इस गंगाजल मिश्रित जल से स्नान किया। दुर्ग संभाग में कुल 3100 कैदी इस प्रक्रिया में शामिल हुए, जबकि दुर्ग सेंट्रल जेल में 128 महिला सहित कुल 1965 कैदियों ने यह पावन स्नान किया।

कैदियों की विशेष मांग पर मिला गंगा स्नान का अवसर

उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के जेल निरीक्षण के दौरान कैदियों ने महाकुंभ के गंगाजल से स्नान करने की अपनी इच्छा प्रकट की थी। उनकी आस्था को ध्यान में रखते हुए गृहमंत्री ने प्रदेश की विभिन्न जेलों में कैदियों को यह अवसर प्रदान किया।

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा जेल परिसर

दुर्ग सेंट्रल जेल के अधीक्षक मनीष संभाकर ने जानकारी दी कि गृहमंत्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार महिला और पुरुष दोनों वर्गों के सजायाफ्ता कैदियों को गंगाजल से स्नान करवाया गया। इस दौरान जेल परिसर "हर-हर महादेव" के जयकारों से गूंज उठा। कैदियों ने इस अनोखे अवसर के लिए जेल प्रशासन और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

कैदियों ने इसे अपने जीवन का दुर्लभ अवसर बताते हुए कहा कि 144 वर्षों बाद यह महाकुंभ आया है। जेल में सजा काट रहे होने के कारण वे प्रयागराज जाकर गंगा स्नान नहीं कर सकते थे। ऐसे में जेल प्रशासन द्वारा प्रदान किया गया यह अवसर उनके लिए अत्यंत विशेष बन गया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV