भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर में आवारा कुत्तों का खतरा बढ़ता जा रहा है। शहर के दलदल सिवनी स्थित आर्मी चौक पर 13 फरवरी की शाम को 6 वर्षीय बच्चे पर खूंखार कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
वासु कश्यप नामक इस बच्चे पर कुत्ते लगभग 10 मिनट तक हमला करते रहे, जिससे उसके सिर की चमड़ी उखड़ गई और शरीर पर 100 से अधिक घाव हो गए। इस भयानक घटना के बाद बच्चा और उसका परिवार गहरे सदमे में है।
गंभीर चोटें: सिर, हाथ, पैर और पीठ पर घाव
घटना के समय बच्चे आर्मी चौक के पास खेल रहे थे। अचानक कुत्तों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। डरकर बच्चे भागने लगे, लेकिन 6 वर्षीय वासु कश्यप, जो अपने घर के बाहर साइकिल चला रहा था, सड़क पर गिर पड़ा।
गिरने के बाद कुत्तों ने वासु को जकड़ लिया और घसीटते हुए सड़क किनारे एक खाली प्लॉट में ले गए, जहां उन्होंने उसे बेरहमी से नोच डाला। इस हमले में बच्चे के सिर, हाथ, पैर और पीठ पर गहरे जख्म हो गए।
पिता ने बहादुरी दिखाते हुए बचाई जान
जब बच्चों ने यह भयावह दृश्य देखा, तो वे तुरंत वासु के पिता को बुलाने घर भागे। पिता मौके पर पहुंचे और हिम्मत दिखाते हुए कुत्तों के झुंड से भिड़कर अपने बेटे को छुड़ाया। बच्चा बुरी तरह से खून में लथपथ था और उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
नगर निगम की अनदेखी
स्थानीय निवासियों के अनुसार, कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड में आवारा कुत्तों का आतंक काफी समय से बना हुआ है। घटना के बाद नगर निगम को सूचना दी गई, लेकिन उनकी टीम मौके पर नहीं पहुंची। स्थानीय लोग बताते हैं कि सुबह और शाम के समय राहगीरों पर कुत्ते हमला करने की कोशिश करते हैं।
चौंकाने वाले आंकड़े
रायपुर में कुत्तों के काटने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। जनवरी 2025 में 366 और 18 फरवरी तक 233 मामले दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़ा केवल एक सरकारी अस्पताल का है, अगर निजी अस्पतालों के केस जोड़े जाएं तो यह संख्या और अधिक हो सकती है। 2023 की तुलना में 2024 में डॉग बाइट के मामलों में 47% की वृद्धि हुई है।
2023 में रायपुर में 1,929 मामले सामने आए थे, जो 2024 में बढ़कर 2,832 हो गए। नगर निगम द्वारा आवारा कुत्तों के लिए एक शेल्टर बनाने की योजना थी, लेकिन अभी तक वह शुरू नहीं हो पाया है।
बिना किसी उकसावे के हमले
रायपुर में कुत्ते बिना किसी उकसावे के लोगों पर हमला कर रहे हैं। इससे पहले, 12 जनवरी को देवेन्द्र नगर क्षेत्र में एक 8 वर्षीय बच्ची पर अचानक एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया था।
कुत्ते ने बच्ची को दौड़ाकर उस पर झपट्टा मारा और गिराकर काटने लगा। सौभाग्यवश, वहां मौजूद एक युवक ने बहादुरी दिखाते हुए बच्ची को बचाया। इसके बाद परिवार वालों ने बच्ची को अंबेडकर अस्पताल ले जाकर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

