देश में पहली बार पालतू बिल्लियों में फैला बर्ड फ्लू: छिंदवाड़ा में 622 की मौत, प्रशासन सतर्क...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में बर्ड फ्लू को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। पहली बार देश में पालतू बिल्लियों में इस खतरनाक वायरस की पुष्टि हुई है। जांच में यह पाया गया कि यह संक्रमण चिकन के माध्यम से बिल्लियों तक पहुंचा। जिन दुकानों से यह चिकन लाकर बिल्लियों को खिलाया जा रहा था, वहां की मुर्गियों में भी बर्ड फ्लू वायरस पाया गया है। अब तक जिले में 622 पालतू बिल्लियों की इस संक्रमण से मौत हो चुकी है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने शहर के मटन मार्केट को पूरी तरह से सील कर दिया है। जिलेभर में पोल्ट्री फार्म और गोट फार्म की व्यापक जांच की जा रही है। इस दौरान मोहखेड़ क्षेत्र के एक पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों के पांच सैंपल बर्ड फ्लू पॉजिटिव पाए गए हैं।

जिला कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने इस पोल्ट्री फार्म के आसपास 10 किलोमीटर के क्षेत्र को संक्रमित घोषित कर दिया है। जिले में लगातार बिल्लियों की मौत होने के बाद जब प्रशासन ने वायरस की विस्तृत जांच करवाई, तो पुष्टि हुई कि बिल्लियों में बर्ड फ्लू संक्रमण मौजूद है।

छिंदवाड़ा जिले में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। शुरुआत में मुर्गियों में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन शनिवार को मोहखेड़ स्थित पोल्ट्री फार्म से भेजे गए सैंपल पॉजिटिव आए हैं। इसके बाद पूरे जिले में बर्ड फ्लू को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

संक्रमित क्षेत्र को नियंत्रित करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिस पोल्ट्री फार्म के सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं, वहां अंडे और मुर्गियों को नष्ट करने की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही उस पूरे इलाके को संक्रमित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है।

प्रशासन ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए हैं। जिले के सभी पोल्ट्री फार्म से सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं और उन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। जिन स्थानों से पॉजिटिव मामले सामने आएंगे, उन्हें संक्रमण क्षेत्र घोषित किया जाएगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV