भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले में एक युवक ने उपद्रव मचा दिया, जिससे पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। युवक ने मकान की छत पर चढ़कर राहगीरों पर पत्थर फेंके और इलाके में खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। जब पुलिस उसे पकड़ने पहुंची, तो वह हाईटेंशन लाइन पर कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
यह घटना दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा मार्केट में मंगलवार दोपहर हुई। एक युवक चार मंजिला इमारत में घुस गया और उसकी छत से राहगीरों पर पत्थर बरसाने लगा। उसने नीचे खड़ी गाड़ियों और सड़क से गुजर रहे लोगों को निशाना बनाया।
गाड़ियों के शीशे तोड़े, लोगों में मची अफरा-तफरी
युवक द्वारा लगातार पत्थर फेंके जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। कई गाड़ियों के शीशे चकनाचूर हो गए। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी विजय यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के पहुंचने पर भी नहीं माना
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी विजय यादव ने पहले युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद, जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो वह छत से भाग निकला।
छत से कूदकर हाईटेंशन लाइन पर गिरा
कोतवाली टीआई विजय यादव खुद चौथी मंजिल तक पहुंचे और युवक को काबू करने की कोशिश की। लेकिन जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ा, वह उनकी पकड़ से छूट गया और छत से कूद गया। दुर्भाग्यवश, उसके नीचे हाईटेंशन लाइन थी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया और सड़क पर गिर पड़ा।
युवक की हालत गंभीर
मौके पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां बर्न वार्ड में उसका इलाज जारी है। खबर लिखे जाने तक उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी।
कई वाहन क्षतिग्रस्त, राहगीरों को आई चोट
युवक की पत्थरबाजी से कई राहगीर घायल हुए, जबकि सड़क पर खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। अनिल बल्लेवार की कार (CG 07 BJ 4509) और विकास शर्मा की गाड़ी (CG 07 CH 8350) के पीछे के शीशे पूरी तरह टूट गए।
मानसिक अस्थिरता और नशे की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में वह मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा है और उसने शराब भी पी रखी थी, जिसके कारण उसने ऐसा उपद्रव किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ओडिशा का रहने वाला है युवक
युवक का नाम तेजराज नायक (25 वर्ष) है, जो बिजेपुर, भवानीपटना, सदर जिला कालाहांडी, ओडिशा का निवासी है। वह अपनी पत्नी व बच्चे के साथ हैदराबाद गया था। ट्रेन में यात्रा के दौरान उसके बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे दुर्ग के जिला अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में भर्ती कराया गया था। बाद में युवक अपनी पत्नी से पर्ची लाने के लिए बाहर गया, लेकिन अचानक बैंगल्स की दुकान की छत पर चढ़ गया।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर युवक ने किन कारणों से यह खौफनाक कदम उठाया था।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

