जिन हाथों से होने वाली पत्नी की भरी जानी थी मांग , शादी के कुछ दिन पहले काटने पड़ गए दुल्हे के दोनों हाथ , एक हादसे ने दोनों परिवारों की छीन लीं खुशियां...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : राजस्थान के बारां जिले में एक शादी से पहले खुशियों पर ऐसा ग्रहण लगा कि दूल्हे की पूरी जिंदगी बदल गई। शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, दूल्हा अपने नए जीवन की शुरुआत को लेकर उत्साहित था, और दुल्हन भी अपने ससुराल जाने के लिए बेताब थी। लेकिन शादी से ठीक 60 दिन पहले एक हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां छीन लीं।


हरनावदाशाहजी क्षेत्र के गुराडी गांव में रहने वाले चरत राम मीणा, जो संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत थे, एक सब-स्टेशन पर काम कर रहे थे। 33 केवी ग्रिड में फीडर बदलने के दौरान उन्हें करंट लग गया, जिससे उनके दोनों हाथों के पंजे बुरी तरह झुलस गए। इस दर्दनाक हादसे के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कोटा रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि वे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के लाइन पर चढ़े थे, जिससे यह हादसा हुआ।

परिवार और ग्रामीणों के अनुसार, दो महीने बाद चरत राम मीणा की शादी तय थी। शादी की तैयारियों में जुटे परिजन अचानक हुए इस हादसे से गहरे सदमे में आ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि यह दुर्घटना बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुई। उन्होंने बताया कि इस ग्रिड पर पहले भी तीन बार ऐसे हादसे हो चुके हैं, जिनमें दो कर्मचारियों की जान चली गई थी।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने सड़क जाम कर प्रशासन से पीड़ित को 50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात को संभालने के लिए अधिकारी मौके पर पहुंचे और मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद काफी देर बाद ग्रामीणों ने रास्ता खोला।