भिलाई नगर निगम की सख्ती: नहर रोड अतिक्रमण हटाने के आदेश, सफाई व्यवस्था पर कड़ा निरीक्षण...

 भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई नगर निगम के जोन क्रमांक 3 के वार्डों में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए आयुक्त राजीव पांडेय ने अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुरकट्टा स्कूल और बैकुंठधाम से सटी बस्तियों में स्वच्छता की स्थिति देखी। निरीक्षण में यह पाया गया कि बैकुंठधाम क्षेत्र के आसपास कई लोगों ने नालियों पर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर आयुक्त ने अधिकारियों को तुरंत अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, नगर निगम की भूमि पर मंदिर निर्माण कर कब्जा करने की कोशिश को रोकने के भी आदेश दिए गए।

आयुक्त ने जानकारी दी कि जोन-3 क्षेत्र में नहर रोड का निर्माण प्रस्तावित है। यह सड़क जोन-4 से होते हुए अवंती बाई चौक पर मुख्य मार्ग से जुड़ेगी, जिससे नागरिकों के आवागमन में सहूलियत होगी। हालांकि, नहर के दोनों किनारों पर कई लोगों ने अपने घर और दुकानें बनाकर अतिक्रमण कर लिया है। इसे हटाने के लिए उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा, आयुक्त पांडेय ने स्वास्थ्य अधिकारी और सहायक राजस्व अधिकारी को यह भी आदेश दिया कि जो व्यापारी निगम की जमीन पर अवैध रूप से भवन निर्माण सामग्री रखकर व्यापार कर रहे हैं, उनके गुमास्ता और ट्रेड लाइसेंस को निरस्त कर उन पर जुर्माने की कार्रवाई की जाए। इस निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त सतीश यादव, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, जोन सहायक राजस्व अधिकारी बसंत देवांगन, अभियंता नितेश मेश्राम, अजय शुक्ला, वीरेंद्र बंजारे और अभिनव ठोकने सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV