भिलाई : रेलवे कर्मचारी ने की फांसी लगाकर खुदख़ुशी , बहन ने पत्नी और बेटे पर लगाया हत्या का आरोप , आत्महत्या या सोची-समझी साजिश? पुलिस जांच में जुटी....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पदुम नगर में एक रेलवे कर्मचारी का शव फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस इस घटना को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, जबकि मृतक की बहन ने इसे हत्या का मामला बताया है।

एन श्याम (56 वर्ष), जो एनवी रतन के पुत्र थे और रेलवे में कार्यरत थे, गुरुवार 20 फरवरी की सुबह अपने घर में मृत पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पोस्टमार्टम के उपरांत शव को परिजनों को सौंप दिया गया। इस बीच मृतक की बहन सलोनी ने पुलिस के समक्ष आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या उसकी पत्नी और बेटे ने मिलकर की और फिर शव को फंदे से लटका दिया, ताकि यह आत्महत्या लगे।

सीएसपी छावनी हरीश पाटिल ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। साथ ही, पुलिस परिजनों से इस विषय में पूछताछ कर रही है।

मृतक की बहन सलोनी के अनुसार, श्याम और उनके बेटे के बीच घरेलू विवाद हुआ था, जिसमें श्याम को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। बाद में, मां-बेटे ने मिलकर शव को फंदे पर टांगकर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

वहीं, पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी ने बताया कि बुधवार रात जब वह श्याम को खाना देने के लिए उनके कमरे में गई, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसे लगा कि वे नाराज हैं, इसलिए दरवाजा नहीं खोल रहे। इसके बाद वह नीचे आ गई। सुबह जब दरवाजा अब भी नहीं खुला, तो खिड़की से झांककर देखा, जहां श्याम फंदे से लटके मिले।फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV