भिलाई सड़क हादसा: हाइवा की टक्कर से बीएसपी कर्मचारी का पैर कुचला, डॉक्टरों को काटना पड़ा पैर , हालत गंभीर....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीएसपी कर्मचारी को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसका पैर काटना पड़ा। यह घटना मंगलवार सुबह पावर हाउस इलाके में घटी, जब रेत से लदा एक हाइवा सेक्टर 1 से नंदिनी की ओर जा रहा था। चालक की लापरवाही से पहले उसने एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर एक लोहे के पोल से जा भिड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाइवा पावर हाउस की तरफ फ्लाईओवर से गुजर रहा था। अत्यधिक गति के कारण चालक ने ब्रिज के ऊपर एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह पकड़े जाने के डर से तेजी से वाहन लेकर भागने लगा। जैसे ही वह ब्रिज से नीचे उतरा, उसका वाहन लोहे के एक पोल से टकरा गया। इस टक्कर के कारण चालक का कमर से नीचे का हिस्सा सीट और स्टीयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया। हाइवा में मौजूद परिचालक भी अंदर ही फंस गया।

यह भी पढ़े - चोली के पीछे क्या है " गाने में डांस करना दुल्हे को पड़ा भारी : गुस्साए ससुर ने तोड़ी शादी, बारात लौटी खाली हाथ!

घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया। चालक की पहचान 35 वर्षीय विरेंद्र साहू के रूप में हुई, जो किलेपार, बालोद का निवासी है। उसे उपचार के लिए दुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया। तीन घंटे तक फंसे रहने के कारण उसका पैर सुन्न पड़ गया था और फिलहाल उसका इलाज जारी है।

इस हादसे में बीएसपी कर्मी रामफल पुरना को भी गंभीर चोटें आईं। चालक की लापरवाही के कारण हाइवा उनके पैर के ऊपर से गुजर गया, जिससे पैर पूरी तरह कुचल गया। उन्हें तुरंत सेक्टर 9 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि ब्लीडिंग रोकने के लिए उनका पैर काटना आवश्यक है। परिजनों की सहमति के बाद ऑपरेशन कर उनका पैर घुटने के ऊपर से काट दिया गया और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया। उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

रामफल पुरना भिलाई स्टील प्लांट के कोक ओवन विभाग में कार्यरत थे। वे स्टील नगर कैंप 1 में निवास करते थे। हादसे के समय, वे अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। जब वे टाउनशिप और पावर हाउस को जोड़ने वाले फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें चपेट में ले लिया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV