रायपुर में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी: हिंदू महिलाओं को फंसाने की साजिश का पर्दाफाश...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर में नौकरी दिलाने के बहाने महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की शिकायत सामने आई है। इस मामले में सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है, जहां पुलिस और साइबर सेल की टीम जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी रोहित मालेकर के अनुसार, शिकायत में दिए गए मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है।


मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शंकर नगर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता निश्चय बाजपेयी ने अपनी शिकायत में बताया कि मोबाइल नंबर 9616536517 से संदेश भेजकर हिंदू लड़कियों को नौकरी देने का झांसा दिया जा रहा है। उन्होंने इसे 'नौकरी जिहाद' करार दिया। पुलिस ने बताया कि दिए गए नंबर की जांच की गई, जो फिलहाल बंद आ रहा है। साइबर सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह नंबर भंवर पाल सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के नाम पर पंजीकृत है।

महिलाओं को बहला-फुसलाकर गलत दिशा में धकेलने की कोशिश की जा रही है। बाजपेयी ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया कि भोली-भाली हिंदू महिलाओं को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फंसाया जा रहा है। आरोप है कि इस प्रक्रिया में संदिग्ध व्यक्ति अपनी पहचान छुपाकर बातचीत करते हैं और झूठे वादे कर महिलाओं को नौकरी का प्रलोभन देते हैं।

बाजपेयी का कहना है कि यह एक सुनियोजित षड्यंत्र है, जिसके तहत विशेष समुदाय के लोग हिंदू महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने इस तरह की घटनाओं को 'नौकरी जिहाद' बताया और कहा कि यह महिलाओं को गुमराह करने की सोची-समझी चाल है।

इस मामले में पुलिस को स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए गए हैं। बाजपेयी ने बताया कि रायपुर के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में इसी प्रकार की ठगी के एक मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इसी तरह का एक मामला धमतरी में भी सामने आया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके मोबाइल नंबर पर भी ऐसा ही संदेश आया था, जिसमें संदेश भेजने वाले ने खुद को एक हिंदू लड़की के रूप में प्रस्तुत किया, जो संदेहास्पद है।