भारत-पाकिस्तान मैच में दौरान पकिस्तान जिंदाबाद का नारा , आरोपी की कबाड़ की दुकान पर चला बुलडोजर....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के मालवण में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले के दौरान एक विशेष समुदाय के व्यक्ति द्वारा कथित रूप से भारत विरोधी नारे लगाए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। शिवसेना विधायक नीलेश राणे ने इस घटना पर सख्त कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद प्रशासन ने आरोपी की कबाड़ की दुकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना भारत-पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी मैच के दौरान घटी, जब आरोपी ने रोहित शर्मा के आउट होने पर कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए। इस घटना के बाद माहौल गरमा गया और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

शिवसेना नेता नीलेश राणे ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि मालवण में एक कबाड़ी व्यवसायी ने भारत विरोधी नारे लगाए, जिसके जवाब में प्रशासन ने उसकी दुकान को नष्ट कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इस बाहरी गद्दार को जिले से बाहर निकाला जाएगा और नगर परिषद प्रशासन व पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

रविवार को हुए मैच के दौरान भारत ने पाकिस्तान पर शानदार जीत दर्ज की। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 241 रन बनाए। बाबर आजम ने 23 और इमाम-उल-हक ने 10 रन बनाए, जबकि सऊद शकील (62) और मोहम्मद रिजवान (47) ने 104 रन की साझेदारी की। भारतीय गेंदबाजों, विशेष रूप से कुलदीप यादव (तीन विकेट) ने पाकिस्तान की पारी पर अंकुश लगाया।

भारतीय टीम ने रोहित शर्मा के 20 रन के साथ सकारात्मक शुरुआत की। शुभमन गिल (46) और विराट कोहली (100) ने 69 रन जोड़े, जबकि श्रेयस अय्यर (56) ने कोहली के साथ 114 रन की साझेदारी निभाई। अय्यर के आउट होने के बावजूद कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को छह विकेट से जीत दिलाई और अपना 51वां वनडे शतक पूरा किया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV