भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :भिलाई , दुर्ग जिले के सबसे बड़े कबाड़ी और कुख्यात अपराधी ललित कबाड़ी के नए ठिकाने पर पुलिस ने छापेमारी की है। इस जगह का संचालन उसका बेटा प्रेम साहू कर रहा था। जब पुलिस ने हथखोज स्थित इस यार्ड पर कार्रवाई की, तो वहां चोरी के कई ट्रकों को काटने का काम किया जा रहा था।
गौरतलब है कि ललित कबाड़ी पहले भिलाई के गोकुल नगर में अपना कबाड़ गोदाम संचालित करता था, जहां पुलिस ने कई बार छापा मारा था। पुलिस से बचने के लिए उसने हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया के ग्राम जरवाय में नया गोदाम बना लिया था, जिसे उसका बेटा प्रेम साहू चला रहा था। यहां चोरी किए गए ट्रक और अन्य वाहनों को खरीदकर काटा जा रहा था।
दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला को जब इस ठिकाने की जानकारी मिली, तो उन्होंने एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर के नेतृत्व में एक बड़ी टीम गठित की। इस टीम में भिलाई नगर सीएसपी सहित भिलाई तीन, जामुल, छावनी और खुर्सीपार पुलिस को शामिल किया गया। गुरुवार शाम को पुलिस ने इस स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर प्रेम साहू चोरी के ट्रक, टैंकर, हाईवा और अन्य बड़े वाहनों को कटवाते हुए मिला। इन वाहनों के इंजन और पार्ट्स अलग-अलग कर रखे गए थे, जिन्हें रायपुर भेजने की योजना थी। लेकिन इससे पहले कि वह इन पार्ट्स को वहां भेज पाता, पुलिस की टीम ने छापा मार दिया।
पुलिस को छापेमारी के दौरान कई ट्रक और अन्य वाहन कटने की प्रक्रिया में मिले, जबकि एक बड़ा टैंकर भी काटने के लिए तैयार रखा गया था। इसके अलावा, चार से पांच वाहनों के इंजन और अन्य महत्वपूर्ण हिस्से भी पहले से काटकर अलग किए जा चुके थे और बाजार में भेजने के लिए तैयार थे।
ललित कबाड़ी के इस नए गोदाम का स्थान भिलाई 3 थाना क्षेत्र के ग्राम जरवाय, उम्दा रोड इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित है। यह स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के ठीक बगल में स्थित है।
यहां कबाड़ को लोड करने के लिए विशेष रूप से एक जेसीबी और हाइड्रा मशीन भी रखी गई थी। ये मशीनें हमेशा यार्ड के अंदर ही मौजूद रहती थीं और इनके माध्यम से कबाड़ को ट्रकों में लोड कर बाजार में भेजा जाता था।
पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और चोरी के वाहनों के असली मालिकों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

