दुर्ग के तालाबों में जलकुंभी सफाई अत्याधुनिक पोंड क्लीनर मशीन से , जलकुंभी की समस्या से छुटकारा मिलेगा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग के तालाबों की सफाई के लिए अब पोंड क्लीनर मशीन का उपयोग किया जाएगा, जिससे जलकुंभी की समस्या से छुटकारा मिलेगा। नगर निगम द्वारा खरीदी गई इस नई मशीन का परीक्षण किया गया, जिसमें इसे तालाब में उतारकर जलकुंभी निकालने की प्रक्रिया परखा गया। इस अवसर पर दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव और महापौर अल्का बाघमार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मशीन का शुभारंभ किया।

इस नई तकनीक के आने से अब तालाबों में जलकुंभी की समस्या नहीं रहेगी। यह मशीन नगर निगम को विधायक गजेंद्र यादव की पहल से प्राप्त हुई है। खासकर बारिश के मौसम में शिवनाथ नदी के इंटकवेल में कचरा जमा होने से पेयजल आपूर्ति में रुकावट आती थी, लेकिन अब इस मशीन के उपयोग से ऐसी समस्याओं से निजात मिल सकेगी।

दुर्ग नगर निगम ने शासन से अनुमति प्राप्त कर इस पोंड क्लीनर मशीन की खरीदारी की। यह मशीन संबंधित एजेंसी द्वारा नगर निगम को सौंपी गई, जिसके बाद इसका सफल परीक्षण किया गया। यह आधुनिक मशीन तालाब और नदियों की सतह से जलकुंभी समेत अन्य खरपतवार को 5 फीट गहराई तक बेल्ट सिस्टम की मदद से साफ करने में सक्षम है। इससे पहले ऐसी मशीनों का उपयोग जम्मू की डल झील और हैदराबाद के हुसैन सागर झील में जलकुंभी व खरपतवार हटाने के लिए किया जा चुका है।

मशीन के ट्रायल के दौरान महापौर अल्का बाघमार, नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल, नवनिर्वाचित पार्षद गुलाब वर्मा, लीलाधर पाल, देवनारायण चंद्राकर और कांशीराम कोसरे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इंटकवेल क्षेत्र में जलकुंभी जमा होने से पानी खींचने की प्रक्रिया में दिक्कत आती थी, जिससे नगरवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब इस मशीन की मदद से इंटकवेल से जलापूर्ति निर्बाध रूप से जारी रह सकेगी।

यह प्रदेश की तीसरी पोंड क्लीनर मशीन है। सबसे पहले इसे जगदलपुर नगर निगम ने खरीदा था, जबकि बिलासपुर नगर निगम में इसे किराये पर मंगाया गया था। अब दुर्ग नगर निगम ने इसे खरीदा है, जिससे शहर के तालाबों को साफ रखने में मदद मिलेगी।

दुर्ग के साथ-साथ भिलाई नगर निगम में भी इस मशीन को लाने की योजना है। वहां एमआईसी द्वारा प्रस्ताव पारित कर दिया गया है और शासन की अनुमति मिलते ही इसे खरीदा जाएगा। इसके बाद भिलाई के तालाबों में भी इस मशीन का उपयोग सफाई के लिए किया जाएगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV