भिलाई : दर्दनाक हादसा , फैक्ट्री में भारी लोहे का टुकड़ा ठेका श्रमिक के सीने पर गिरा हुई दर्दनाक मौत, परिजनों ने उठाई मुआवजे की मांग...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले के भिलाई स्थित हथखोज क्षेत्र में मौजूद मयूरा इंफ्रास्ट्रक्चर फैक्ट्री में एक ठेका श्रमिक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक भारी लोहे का टुकड़ा उसके सीने पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद शनिवार को सुपेला अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम किया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम प्रवीण चंद्रिकापुरे था, जो मयूरा इंफ्रास्ट्रक्चर हैवी इंडस्ट्री में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत था। घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की है, जब वह फैक्ट्री में काम कर रहा था। क्रेन की सहायता से एक भारी मेटल पार्ट उठाया जा रहा था, तभी वह अचानक ऊंचाई से गिरकर प्रवीण के सीने पर आ गिरा।

इस हादसे से मजदूर के शरीर में गंभीर आंतरिक चोटें आईं, जिसके चलते उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन ने पुरानी भिलाई पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन से मुआवजे की मांग उठाई है।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों को जोखिमपूर्ण कार्यों में लगाया जाता है, लेकिन सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के समय प्रवीण ने हेलमेट या किसी अन्य सेफ्टी उपकरण का उपयोग नहीं किया था। यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता, तो शायद यह हादसा टल सकता था।

परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन मजदूरों को किसी भी प्रकार की सुरक्षा सामग्री उपलब्ध नहीं कराता। इस लापरवाही के कारण ही एक मजदूर की जान चली गई। परिजन इस मामले में उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।