भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) रायपुर में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान एक सनसनीखेज डकैती की घटना सामने आई है। दिनदहाड़े 60 लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया गया। वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी आर्मी की वर्दी पहनकर घर में घुसे थे। उन्होंने घर में मौजूद बुजुर्ग को धमकाते हुए बंधक बना लिया और "लाल सलाम" कहते हुए चेतावनी दी कि अगर शोर मचाया गया तो घर को बम से उड़ा देंगे। यह घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र के तहत शंकर नगर स्थित अनुपम नगर इलाके में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, पांच डकैत एक कार से पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज में 4 पुरुष और 1 महिला नजर आ रहे हैं। उन्होंने घर में मौजूद दो महिलाओं और एक पुरुष को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज के मुताबिक, दोपहर 2 बजकर 47 मिनट पर एक सफेद रिट्ज कार में पांचों आरोपी पहुंचे। इनमें से चार पुरुष और एक महिला थी। सभी के चेहरे ढके हुए थे। दो पुरुष सेना की वर्दी पहने हुए थे, जबकि बाकी दो अलग-अलग रंग के कपड़ों में थे। उनके साथ एक महिला भी थी, जिसने अपने चेहरे को ढक रखा था।
डकैतों ने घर के अंदर घुसते ही कहा कि उन्होंने पुलिस में शिकायत की थी और अब वे इसका अंजाम भुगतने वाले हैं। घर में उस समय मनोहर वेणु और उनकी दो बहनें मौजूद थीं। शुरुआत में दो नकाबपोश डकैत अंदर दाखिल हुए, फिर कार से दो और लोग उतरकर घर में घुस गए। कुछ देर बाद एक युवक बाहर आया और महिला डकैत को भी अंदर आने का इशारा किया।
इससे दो दिन पहले रायपुर में फायरिंग की घटना भी सामने आई थी। एक युवक ने आपसी विवाद के चलते दो हवाई फायरिंग की थी, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। फायरिंग करने वाले युवक की पहचान तैफुद्दीन उर्फ टप्पू के रूप में हुई है। यह घटना चिकनी मंदिर के पास हुई, जहां उसका मोहम्मद कलीम से विवाद हो गया था। झगड़े के बाद उसने देशी पिस्टल से दो गोलियां चलाईं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों से पिस्टल और खाली खोखा बरामद किया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

