CG : निर्दलीय प्रत्याशी के भाई के घर से मिली महाराष्ट्र ब्रांड की 2 पेटी शराब बरामद, गिरफ्तारी तक पहुंची कार्रवाई...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) महासमुंद जिले के तुमगांव नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के निर्दलीय उम्मीदवार बलरामकांत साहू के भाई के घर पर आबकारी विभाग ने देर रात छापा मारा। इस दौरान वहां से महाराष्ट्र ब्रांड की देशी शराब की दो पेटियां बरामद की गईं, जो घर के पीछे रखे पैरा के अंदर छिपाकर रखी गई थीं।

चुनावी माहौल के बीच आबकारी विभाग को बड़ी मात्रा में शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर विभाग की टीम ने वार्ड नंबर 11, रामसागर पारा तालाब के समीप स्थित निर्दलीय प्रत्याशी बलरामकांत साहू के घर पर छापेमारी की। इस दौरान बलरामकांत और उनके भाई ने आबकारी अधिकारियों से बहस शुरू कर दी और अपने समर्थकों को जुटाने लगे। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए आबकारी टीम को पुलिस को सूचना देनी पड़ी।

तलाशी के दौरान बसंत साहू के बाड़े में रखे पैरा की जांच की गई, जहां दो प्लास्टिक की बोरियों में 197 क्वार्टर (17.7 बल्क लीटर) महाराष्ट्र की देशी संत्रा शराब बरामद हुई। इस पर विभाग ने आरोपी बसंत साहू के खिलाफ धारा 34(1)क, 34(2), 59(क) और 36 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायिक प्रक्रिया के तहत उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

शुक्रवार सुबह आबकारी विभाग की टीम ने एक बार फिर बलरामकांत साहू और बसंत साहू के घर पर छापेमारी की, मगर इस बार वहां से कुछ भी बरामद नहीं हुआ। इसके बाद बलरामकांत ने अपने भाई को छुड़ाने के लिए अधिकारियों को मनाने का प्रयास किया।

छापे के दौरान वहां 25 साड़ियों का बंडल भी मिला, लेकिन बिल प्रस्तुत किए जाने के कारण विभाग ने उन्हें जब्त नहीं किया। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि यह शराब चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से मंगाई गई थी। हालांकि, साड़ियों के संबंध में वैध बिल मौजूद होने के कारण उन्हें जब्त नहीं किया गया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV