भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) बिलासपुर, साइबर अपराध के तहत अवैध वित्तीय लेन-देन में प्रयुक्त फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में खुलासा हुआ कि इन म्यूल अकाउंट्स के माध्यम से लगभग 3 करोड़ रुपये का गैरकानूनी ट्रांजेक्शन किया गया है। इस सिलसिले में पुलिस ने एक पीओएस एजेंट (फर्जी सिम कार्ड बेचने वाला), कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक के कर्मचारियों समेत कुल 19 लोगों को हिरासत में लिया है।
इसके अलावा, म्यूल अकाउंट फ्रॉड से जुड़े करीब 97 लाख रुपये को फ्रीज किया गया है। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी दिल्ली, अलवर (राजस्थान) सहित कई स्थानों पर सक्रिय थे और 300 से अधिक साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक अकाउंट्स एवं फर्जी सिम कार्ड मुहैया करवा रहे थे। इस पूरे ऑपरेशन के तहत बिलासपुर पुलिस की 10 टीमों ने 20 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी की और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने साइबर अपराध पोर्टल की रिपोर्ट, बैंक लेन-देन के रिकॉर्ड, एक ही व्यक्ति के नाम पर संचालित कई बैंक अकाउंट, डिजिटल ट्रैकिंग, शेयर ट्रेडिंग से संबंधित फर्जी ऐप्स, क्रिप्टो करेंसी निवेश, गूगल रिव्यू टास्क, टेलीग्राम टास्क, बैंक केवाईसी अपडेट तथा गूगल सर्च से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। इसी दौरान, इन फर्जी खातों और साइबर ठगी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उजागर हुई। इसके बाद, रेंज साइबर थाना बिलासपुर, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और विभिन्न थानों के 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने मिलकर यह कार्रवाई को अंजाम दिया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

