CG : 3 करोड़ की अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार , अंतरराज्यीय शराब तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दिनों के भीतर तीन करोड़ रुपये मूल्य की शराब जब्त की है। इस अभियान के तहत पुलिस ने 14,027 लीटर अवैध शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, इस संगठित तस्करी नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया गया है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि यह शराब पंजाब से लोड कर ट्रकों के माध्यम से झारखंड और बिहार भेजी जा रही थी। गिरफ्तार किए गए ट्रक चालकों ने पूछताछ में बताया कि वे सिर्फ वाहन को तय स्थान तक पहुंचाने के निर्देशों का पालन कर रहे थे। उन्हें यह जानकारी नहीं दी जाती थी कि शराब कहां से लोड हुई और इसे कहां उतारा जाना है।

दो दिन पहले पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध ट्रक (PB 11CP2003) लोरो घाट के पास मौजूद है। जब इस ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें पुट्टी सीमेंट की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 790 कार्टून अवैध शराब बरामद हुए। यह शराब पंजाब राज्य की थी, जिसकी मात्रा 7,015 लीटर और अनुमानित बाजार कीमत डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई। पुलिस ने ट्रक चालक श्रवण सिंह को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में बताया कि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि यह शराब कहां से आई और कहां पहुंचाई जानी थी।

जशपुर पुलिस ने जब गिरफ्तार ट्रक चालक के मोबाइल डेटा की जांच की, तो उन्हें एक और ट्रक के बारे में जानकारी मिली, जो अवैध शराब से भरा हुआ था। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मध्य प्रदेश के अनूपपुर रवाना हुई और वहां ट्रक (UP 14DT 7849) को पकड़ लिया। इस ट्रक से 784 पेटियों में रखी 7,012 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत ढाई करोड़ रुपये थी। इस ट्रक के चालक बलविंदर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

जशपुर के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही तस्करी नेटवर्क के सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास करेगी। इस सफल अभियान में शामिल पुलिस टीम को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV