भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , रायपुर में एक युवक ने सोची-समझी साजिश के तहत अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। वारदात से पहले उसने लड़की को बाइक पर घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। लगभग 30 किलोमीटर तक बाइक चलाते हुए वह किसी सुनसान स्थान की तलाश करता रहा। उपयुक्त जगह मिलने के बाद उसने लड़की का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों के अनुसार, आरोपी ने पहचान छुपाने के लिए शव के चेहरे पर तेजाब डाल दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। विवेक नामक आरोपी ने पुलिस को बताया कि रचना उस पर शादी करने का दबाव डाल रही थी।
हत्या की खबर फैलते ही लोग आक्रोशित हो गए और आरोपी को फांसी देने की मांग करने लगे। देर शाम सरस्वती नगर थाने के बाहर लोगों ने प्रदर्शन किया और जीई रोड को जाम करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस द्वारा कठोर कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद स्थिति शांत हुई।
कॉल डिटेल और मोबाइल जांच से पुलिस को मिला सुराग
सरस्वती नगर पुलिस के अनुसार, 31 जनवरी को रचना सोना नाम की लड़की की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। वह कोटा क्षेत्र के गीता नगर में रहती थी। पुलिस ने इलाके में पूछताछ शुरू की और लड़की के कॉल डिटेल और मोबाइल की जांच की। इसी जांच के आधार पर पुलिस को रचना के पड़ोसी और रिश्तेदार विवेक सोना तक पहुंचने में मदद मिली। विवेक ने बताया कि रचना उससे शादी के लिए लगातार दबाव बना रही थी।
गुमराह करने की कोशिश, लेकिन मैसेज ने पोल खोल दी
पुलिस को विवेक पर संदेह तब हुआ जब पता चला कि रचना ने आखिरी बार उसी से बात की थी। जब पुलिस ने लड़की के मोबाइल चैट्स की जांच की, तो पता चला कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। रचना लगातार उसे शादी करने के लिए मैसेज भेज रही थी, लेकिन विवेक शादी नहीं करना चाहता था। इसी वजह से उसने उसकी हत्या की योजना बनाई।
गार्डन में मिलने बुलाया, फिर सुनसान जगह ले गया
30 जनवरी को दोपहर करीब डेढ़ बजे विवेक ने रचना को फोन कर गार्डन में मिलने बुलाया। इसके बाद उसने उसे बाइक पर बैठाया और रायपुर से खारुन नदी होते हुए अमलेश्वर की ओर ले गया। वहां से आगे बढ़ते हुए वह खमरिया नामक स्थान पर पहुंचा, जहां खेतों के बीच एक वीरान झोपड़ी थी। इसी जगह दोनों के बीच शादी को लेकर फिर बहस हुई।
गला घोंटकर हत्या की, फिर पहचान छुपाने के लिए तेजाब डाला
इस विवाद के दौरान विवेक ने रचना का गला दबाकर उसे मार डाला। परिजनों के अनुसार, हत्या के बाद उसने पहचान छुपाने के लिए लड़की के चेहरे और सीने पर तेजाब डाल दिया, जिससे शव बुरी तरह झुलस गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भागकर अपने घर लौट आया। पांच दिनों तक परिजन और पुलिस लड़की की तलाश करते रहे। इस दौरान आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कॉल डिटेल ने उसकी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
हवा की विपरीत दिशा होने के कारण बदबू नहीं फैली
हत्या स्थल मुख्य सड़क से करीब 150 मीटर अंदर खेतों के बीच स्थित था। यह खेत पूरी तरह बंजर था, जहां आमतौर पर कोई नहीं जाता। साथ ही, नदी की दिशा से हवा झोपड़ी की ओर चल रही थी, जिससे सड़क पर चलने वाले राहगीरों को बदबू महसूस नहीं हुई।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

