भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) कोरबा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां चूहे मारने के लिए जहर मिश्रित टमाटर से बनी चटनी खाने के बाद एक महिला की मौत हो गई। यह घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के बिंजरा गांव की है। महिला के पति ने अनजाने में जहरीले टमाटर को टोकरी में रख दिया था, जिससे यह हादसा हो गया।
बिंजरा गांव के मजदूर कार्तिक राम को फोन पर सूचना मिली कि उसकी पत्नी बसंती की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उसे उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। जब कार्तिक घर पहुंचा, तो उसने जाना कि बसंती ने कुछ समय पहले टमाटर की चटनी खाई थी। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी।
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजुर ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच संबंधित थाने को भेजी जाएगी। पुलिस जांच में कार्तिक राम ने बताया कि उसकी पत्नी बसंती ने चूहों से परेशान होकर एक टमाटर में इंजेक्शन के जरिए जहर डाल दिया था। जहर मिश्रित टमाटर को जमीन पर रखकर वह जंगल में पत्ते तोड़ने चली गई थी।
इसी दौरान कार्तिक ने जब जमीन पर टमाटर पड़ा देखा, तो उसे लगा कि यह गलती से गिर गया है। उसने अनजाने में उस जहरीले टमाटर को टोकरी में वापस रख दिया और फिर मजदूरी के लिए निकल गया। उधर, जंगल से लौटने के बाद बसंती ने खाना बनाने के लिए टोकरी से टमाटर उठाया और चटनी तैयार कर ली। इसी दौरान जहरीले टमाटर का उपयोग हो गया, जिससे बसंती की हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
फिलहाल, महिला का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, और दो मासूम बच्चों से उनकी मां का साया उठ गया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

