CG : प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की करंट से मौत, शिकारियों द्वारा लगाए गए बिजली के तार में फंसने से हुआ हादसा फिर शव जलाकर सबूत मिटाने की खौफनाक साजिश...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) सारंगढ़-बिलाईगढ़ में एक युवक की करंट से मौत होने के बाद उसका शव जलाकर सबूत मिटाने का मामला सामने आया है। लापता युवक की तलाश में जुटी पुलिस को उसकी केवल राख मिली। घटना उस समय हुई जब युवक आधी रात को जंगल में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान वह शिकारियों द्वारा लगाए गए बिजली के तार में फंस गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को घटनास्थल से 15 किलोमीटर दूर ले जाकर जलाया। दो दिनों तक जलाने के बाद उन्होंने सभी सबूत मिटा दिए। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसीवां थाना क्षेत्र के बेलाडुला चौकी का है। युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट 5 फरवरी को उसके पिता जगेश्वर साहू ने दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, मनोज कुमार साहू अपने गांव के ठेकेदार मनहरण साहू के साथ तेंदुदरहा गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने इस पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि 4 फरवरी की शाम राजेश सिंह नेताम, गौरसिंह सिदार, भानूसिंह नेताम और चैनसिंह जगत को तेंदुदरहा के खेतों की ओर जाते हुए देखा गया था। पुलिस ने जब इन चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 4 फरवरी की शाम करीब 6 बजे अपने खेत में जंगली सुअर के शिकार के लिए बिजली के तार बिछाए थे। अगले दिन सुबह करीब 4 बजे जब वे तारों की जांच करने पहुंचे, तो वहां एक व्यक्ति झुलसा हुआ पड़ा था। पास जाकर देखने पर उन्होंने पाया कि वह मनोज कुमार साहू था, जिसकी करंट लगने से मौत हो चुकी थी।

हत्या को छिपाने के लिए आरोपियों ने मनोज के शव को राजेश सिंह नेताम के ट्रैक्टर में रखा और उसे 15 किलोमीटर दूर पिरदा क्षेत्र के चारपाली गांव के पास चिलमघाटी ले गए। वहां उन्होंने शव को पैरावट में डालकर आग लगा दी। पूरी तरह सबूत मिटाने के लिए वे अगले दिन फिर लौटे और शव को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV