भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर मौके से फरार हो गया। घटना ग्राम पालानार पुजारी पारा की है, जहां पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
खेत में मिला शव
कोड़ेनार थाना प्रभारी तारिक हरिश के अनुसार, 12 फरवरी की सुबह मृतका के ससुर आयतु पोयाम ने पुलिस को सूचना दी कि उनका बेटा रामलाल पोयाम और बहू कमला पोयाम सुबह 4 बजे से घर से गायब हैं। तलाश करने पर कमला पोयाम का शव घर से करीब 300 मीटर दूर सोमडू के खेत में पाया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के दौरान डॉक्टरों ने शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में बताया कि कमला पोयाम की मृत्यु गला दबाने और सिर पर गहरी चोट लगने के कारण हुई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पति रामलाल पोयाम की तलाश शुरू की, जो घटना के बाद से लापता था।
जंगल में पकड़ाया आरोपी
रामलाल पोयाम घर पर नहीं मिला, जिससे उस पर शक गहरा गया। पुलिस ने खोजबीन के दौरान कुहार साडरा और पालानार के बीच जंगल में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसकी पत्नी पिछले 10 साल से साथ रह रहे थे और उनके तीन बच्चे हैं। आरोपी ने बताया कि पत्नी उसे लगातार अश्लील गालियां देती थी, जिससे वह कई वर्षों से परेशान था। समझाने के बावजूद उसकी पत्नी अपनी आदत नहीं बदल रही थी।
गुस्से में आकर उसने गला दबाकर और पत्थर मारकर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी रामलाल पोयाम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

