CG ब्रेकिंग : पत्नी के सरपंच चुनाव की हार से आहत पति ने की आत्महत्या , गांव में फैली सनसनी....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के सरपंच चुनाव में हारने के कारण आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना मोखली गांव की है, जहां पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान 23 फरवरी को पूरा हुआ था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मृतक की पत्नी को हार का सामना करना पड़ा, जिससे उसका पति छबिलाल साहू गहरे सदमे में चला गया।

पत्नी की हार बर्दाश्त न कर पाने के कारण छबिलाल ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। गुरुवार सुबह गांव के मुख्य चौराहे पर एक पेड़ से उसका शव लटका हुआ मिला, जिसे देखकर पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

पुलिस पूछताछ में यह सामने आया कि चुनावी हार के बाद से छबिलाल मानसिक रूप से काफी परेशान था। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का कारण यही माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही सटीक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV