CG : शारीरिक संबंध की बार - बार डिमांड बॉयफ्रेंड को पड़ी भारी , परेशान प्रेमिका ने प्रेमी को घर बुलाकर पिता के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट , शव जंगल में फेंका....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव वनांचल के खड़गांव थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेमिका ने अपने ही पिता के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी। घटना ग्राम घोड़ागांव की है, जहां बांसकुप जंगल में खून से लथपथ युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में जांच करते हुए संदेह के आधार पर मृतक की प्रेमिका को हिरासत में लिया, जिसमें उसने अपने पिता के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।

कोर्ट जाने निकला युवक, जंगल में मिली लाश

23 जनवरी को ग्राम घोड़ागांव निवासी सुनील कुमार उईके किसी कानूनी कार्य से कोर्ट जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन जब वह अगले दिन तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। 1 फरवरी को उसका शव बांसकुप जंगल में मिला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

हत्या की खौफनाक साजिश

जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ कि इस हत्या में कोई करीबी शामिल हो सकता है। जब पुलिस ने सुनील की प्रेमिका सीमा उईके और उसके पिता नवल साय उईके से सख्ती से पूछताछ की, तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। सीमा ने बताया कि सुनील उसकी मर्जी के खिलाफ बार-बार मिलने आता था और शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करता था। इससे नाराज होकर उसने अपने पिता के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

घर बुलाकर दी दर्दनाक मौत

योजना के तहत सीमा ने सुनील को अपने घर बुलाया। जैसे ही वह घर पहुंचा, सीमा और उसके पिता ने मिलकर डंडे से उस पर हमला कर दिया। वार इतने घातक थे कि सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद, पिता-बेटी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए जंगल में फेंक दिया, ताकि यह हादसे का रूप ले सके।

पुलिस की सूझबूझ से खुला राज़

हत्या को एक हादसे की तरह दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की गहरी जांच ने इस गुनाह से पर्दा हटा दिया। संदेह के घेरे में आई सीमा ने आखिरकार अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी पिता और बेटी को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV