भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) मुंगेली। पंचायत चुनाव से ठीक पहले प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मतदाताओं को लुभाने के प्रयास को विफल कर दिया। जिले में मतदान से एक दिन पूर्व रात के अंधेरे में एक सरपंच प्रत्याशी के समर्थकों को प्रलोभन सामग्री के साथ पकड़ा गया। इस दौरान प्रशासनिक टीम ने स्कॉर्पियो वाहन से साड़ी, मिठाई और अन्य प्रचार सामग्री जब्त की।
जानकारी के अनुसार, पंचायत चुनाव से 48 घंटे पहले खुले प्रचार-प्रसार पर रोक होती है, ताकि शांतिपूर्ण माहौल बना रहे। लेकिन, मुंगेली जिले के फास्टरपुर इलाके में एक सरपंच प्रत्याशी के तीन समर्थक इस नियम का उल्लंघन करते हुए मतदाताओं को प्रलोभन देने की कोशिश कर रहे थे।
जिला कलेक्टर राहुल देव और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान फास्टरपुर-मुंगेली मार्ग पर ग्राम शीतलदह में एक स्कॉर्पियो (वाहन नंबर CG-28E 9654) को रोका गया। जब अधिकारियों ने वाहन की जांच की तो उसमें बड़ी मात्रा में साड़ी और मिठाई के डिब्बे पाए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये सामग्री ग्राम पंचायत गस्तिकापा शीतलदह के सरपंच प्रत्याशी डॉ. अमर नवरंग के कहने पर लाई गई थी, ताकि मतदाताओं को लुभाया जा सके।
कलेक्टर और एसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो और प्रचार सामग्री जब्त करने का निर्देश दिया। साथ ही, दोषियों पर निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। संबंधित वाहन और सामान को सिटी कोतवाली थाना में जमा कर दिया गया है और नियमानुसार जांच जारी है।
कलेक्टर राहुल देव ने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं और अपने मताधिकार का प्रयोग सही उम्मीदवार चुनने के लिए करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने भी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्र के विकास के लिए सही प्रत्याशी को वोट दें और किसी भी तरह के प्रलोभन से बचें। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि किसी प्रत्याशी द्वारा इस तरह की अनैतिक गतिविधियां की जा रही हों तो इसकी सूचना प्रशासन को दें।
इस कार्रवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, रिटर्निंग अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

